Farrukhabad News:नाबालिग से दुष्कर्म में युवक दोषी, 25 को सजा पर सुनवाई – Youth Convicted Of Raping A Minor; Hearing On Sentencing Set For The 25th
– विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट रितिका त्यागी की अदालत ने दोषी को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट रितिका त्यागी की अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार दिया। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 25 नवंबर की तारीख तय की गई है। दोषी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने एसपी के आदेश पर एक दिसंबर 2021 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उसकी मां और भाई इलाज के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान राजा सैय्यद उनके घर आया और करीब 15-20 दिन तक वहीं रहा। इसके बाद वह उसे अपने साथ कन्नौज के मडारपुर स्थित घर ले गया। शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। किशोरी उसके साथ करीब पांच-छह महीने तक रही।
इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने निकाह करने की बात कही तो युवक ने इन्कार कर दिया और वापस घर छोड़ गया। थाने पर सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के आदेश पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई। विवेचक ने आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। अभियोजन की ओर सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता तेज सिंह राजपूत ने पत्रावली पर मौजूद साक्ष्य और गवाह पेश किए। दोनाें पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कन्नौज के मडारपुर निवासी अभियुक्त राजा सैय्यद को नाबालिग को ले जाने और दुष्कर्म के आरोप में दोषी करार दिया।
