सर्दी का मौसम शुरू होते ही बाजार में सूखे मेवों की मांग बढ़ने लगी है। वहीं सहालग का दौर शुरू होने से भी इनकी बिक्री में तेजी आई है। बादाम, काजू, अखरोट, किशमिश और मखाने की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। ठंड में सेहत का ध्यान रखते हुए लोग बच्चों और बुजुर्गों के लिए सूखे मेवे खरीद रहे हैं। शादी-विवाह के आयोजनों में भी इनकी मांग बढ़ गई है।
हालांकि सूखे मेवों की बढ़ी कीमतें ग्राहकों के बजट पर भारी पड़ रही हैं। इसके चलते लोग जरूरत के मुताबिक कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। गुवारा तैयबपुर के डॉ. सुभाष विश्वकर्मा ने बताया कि सर्दियों में परिवार के खानपान में बादाम और अखरोट शामिल करते हैं। लेकिन इस बार कीमतें अधिक होने से खरीदारी सीमित रखनी पड़ रही है। करारी की श्वेता केसरवानी ने बताया कि बच्चों के लिए दूध के साथ बादाम और किशमिश खरीदती हैं। भैला मकदूमपुर के गुलाब यादव ने बताया कि खरीदारी से पहले अलग-अलग दुकानों पर भाव की जानकारी लेते हैं। किराना व्यवसायी राजेश ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ सूखे मेवों की मांग में तेजी आई है। ओम प्रकाश केसरवानी के मुताबिक ग्राहक गुणवत्ता और कीमत का मिलान कर खरीदारी कर रहे हैं।
—————————
सूखे मेवों के भाव (प्रति किलो रुपये में)
सूखा मेवा कीमत
काजू 800-1100
बादाम 700-1000
छुहारा 250-350
किशमिश 350-600
चिरौंजी 2000-2400
अखरोट 650-1000
पिस्ता 1200-1600
मखाना 900-1300
अंजीर 1000-1500
गरी गोला 250-400
नोट : भाव करारी के किराना व्यवसायियों के अनुसार हैं। गुणवत्ता और किस्म के आधार पर कीमतों में अंतर संभव है।