Charkhi Dadri News:खिलाड़ियों ने सेपकटकरा खेल में स्वर्ण और भाला फेंक एवं चक्का फेंक में जीते रजत पदक – Athletes Won A Gold Medal In The Sport Of Sepaktakraw, And Silver Medals In Javelin Throw And Discus Throw
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित 51वीं वार्षिक अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक्स मीट में राजकीय महाविद्यालय, बिरोहड़ के खिलाड़ियों ने सेपकटकरा खेल में स्वर्ण ,एथलेटिक्स की भाला फेंक और चक्का फेंक स्पर्धाओं में रजत पदक जीते हैं।
सेपकटकरा खेल में दिनेश, निखिल कुमार, सचिन व रितिक की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इनमें से तीन खिलाड़ियों का चयन एमडीयू के 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। शिविर के बाद ये खिलाड़ी ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी गेम्स में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। भाला फेंक में गौरव व चक्का फेंक में दिव्या ने रजत पदक जीते हैं।
उल्लेखनीय है कि दिव्या पूर्व में भी राज्य स्तर पर पदक जीत चुकी हैं। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना की। प्रशासनिक प्रभारी डॉ. मोहन कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
खेल प्रभारी डॉ. मदन सिंह ने बताया कि खिलाड़ी पूर्व में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर डॉ. सुरीला, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. योगेश जांगड़ा व डॉ. अजय कुमार उपस्थित रहे।
क्या है सेपक टकरा खेल
सेपक टकरा दक्षिण-पूर्व एशिया का एक लोकप्रिय खेल है, जिसे पैरों से खेला जाने वाला वॉलीबॉल भी कहा जाता है। इस खेल में खिलाड़ी हाथों का इस्तेमाल किए बिना पैर, सिर, घुटने और छाती की मदद से गेंद को नेट के पार पहुंचाते हैं। इसमें तीन-तीन खिलाड़ियों की दो टीमें होती हैं। खेल में रतन या सिंथेटिक फाइबर से बनी हल्की गेंद का उपयोग किया जाता है। इस खेल में फुर्ती, संतुलन, लचीलापन और शानदार तालमेल की जरूरत होती है।
