रतिया। गांव खाई में बीती रात्रि धान पराली की गांठों के स्टॉक में आग लगने से करीब 35 सौ क्विंटल गांठें जलकर राख हो गई। आग का पता चलते ही सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर रतिया के अलावा धारसूल से पहुंची दमकल गाड़ियों व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन आग अधिक फैले होने के कारण उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। बाद में गांठों को अलग कर देने से बाकी गांठों का आग से बचाव किया गया।
गांव खाई के नाहर सिंह व गुरप्रीत सिंह ने लधुवास रोड पर करीब चार एकड़ में धान पराली की गांठों का स्टॉक किया हुआ था। स्टॉक में एक लाख टन गांठें रखी हुई भी। शनिवार रात को गांठों में अचानक आग लग गई। इसकी सूचना दमकल केंद्र में दी गई। इसी बीच काफी संख्या में मौके पर पहुंचे किसानों, ग्रामीणों और दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं किया जा सका। बाद में बाकी गांठों को अलग कर आग फैलने से रोका गया। आग से करीब 35 सौ क्विंटल गांठें जलकर राख हो गईं।