मध्य प्रदेश:रीवा में 27 नवंबर से होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 3,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे – Mp Rewa Agniveer Recruitment Rally November 27 To December 5 3500 Candidates
भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक रीवा में होगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आईटीआई परिसर में होने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में पहले चरण की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके 15 जिलों के करीब 3,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रैली के दौरान अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण, मेडिकल जांच और आवश्यक दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रशासनिक विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
शारीरिक परीक्षण और अभ्यर्थियों का सत्यापन
इस भर्ती रैली में रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, कटनी, जबलपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और डिंडौरी सहित 15 जिलों के युवा अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बताया कि भर्ती के दौरान हर दिन करीब 550 अभ्यर्थियों का शारीरिक और मेडिकल टेस्ट लिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों की अंकसूची, आधार कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेज की गहनता से जांच की जाएगी। ऑनलाइन लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही अब प्रक्रिया के इस अगले चरण में शामिल हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें- पूर्व गृह मंत्री के पैर छूते दिखे वर्दीधारी पुलिस अधिकारी; वीडियो वायरल, क्यों उठ रहे सवाल?
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
प्रशासन ने भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर अलग-अलग विभागों को कार्य सौंपे हैं। उप संचालक रोजगार और जिला खेल अधिकारी व्यवस्थाओं पर निरंतर नजर रखेंगे। नगर निगम को पेयजल और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। दस्तावेज के त्वरित सत्यापन में मदद के लिए जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस कंप्यूटर और ऑपरेटर उपलब्ध कराएंगे। लोक निर्माण विभाग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मैदान में पानी का छिड़काव करने, रोलर चलाने और बैरिकेडिंग लगाने का काम करेगा। आईटीआई परिसर में इंटरनेट सुविधा और एथलेटिक्स ट्रैक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
सेना दल के ठहरने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध
भर्ती प्रक्रिया को पूरा कराने आ रही सेना की टीम के करीब 150 सदस्यों के रुकने के लिए आईटीआई छात्रावास और नए बने दिव्यांग छात्रावास का चयन किया गया है। यहां उनके लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा स्वच्छता के पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। जिला परिवहन अधिकारी सेना की टीम को आवश्यक वाहन उपलब्ध कराएंगे। वहीं, शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के रुकने के लिए शिक्षा महाविद्यालय के हॉल को नियत किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम के साथ दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी और रैली के दौरान सुरक्षा तथा यातायात का समुचित प्रबंधन किया जाएगा।
