Farrukhabad News:सेंट्रल जेल में ड्यूटी, बिना इलाज लौटे मरीज – Duty At Central Jail; Patients Return Without Receiving Treatment
फोटो-21 लोहिया अस्पताल के दिव्यांग शिविर में बैठी नेत्र सर्जन। संवाद
-लोहिया अस्पताल लगे दिव्यांग बोर्ड में दूरदराज से 25 दिव्यांग लौटे
-ओपीडी में भी भटकते रहे हड्डी, नाक, कान, गला के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। सेंट्रल जेल में वार्डन भर्ती के अभ्यर्थियों का डॉक्टरी परीक्षण के लिए बने बोर्ड में डॉक्टरों की ड्यूटी लगने से लोहिया अस्पताल में सोमवार को दिव्यांग बोर्ड में जांच नहीं हो सकी। ओपीडी में मरीजों को इलाज भी नहीं मिला। घंटों इंतजार के बाद नाक, कान, गला के मरीजों को बैरंग वापस होना पड़ा।
लोहिया अस्पताल के आर्थो सर्जन रिषिकांत वर्मा और ईएनटी सर्जन डॉ. नवनीत की सेंट्रल जेल में वार्डन भर्ती के अभ्यर्थियों का परीक्षण करने में ड्यूटी लगी है। प्रत्येक सोमवार को अस्पताल में दिव्यांग बोर्ड में जिले भर से दिव्यांग आते हैं। सोमवार को डॉक्टर न होने से करीब 25 दिव्यांग और चार-पांच ईएनटी संबंधी दिव्यांगों को बिना रिपोर्ट लगाए ही बैरंग लौटना पड़ा।
यही नहीं सामान्य दिनों की अपेक्षा सोमवार को मरीजों की भी खासी भीड़ रहती है। हड्डी संबंधी 100 से अधिक मरीजों को बिना इलाज के भटकना पड़ा। नाक, कान, गला के मरीज भी बिना इलाज के लौट गए।
पांच-छह दिन के लिए लगी ड्यूटी : सीएमएस
सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि आर्थो सर्जन और ईएनटी सर्जन की पांच-छह दिन के लिए सेंट्रल जेल में ड्यूटी लगी है। लिहाजा वह ओपीडी में नहीं बैठ पाएंगे। वहां ड्यूटी खत्म होने के बाद ही ओपीडी में मरीजों को इलाज मिल सकेगा
