Etawah News:पचनद मेले का शुभारंभ आज, यमुना की महाआरती से गूंजेगा संगम – Pachnad Mela Begins Today; The Confluence Will Resonate With The Grand ‘maha Aarti’ Of The Yamuna
चकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा पर पचनद संगम में स्नान पर्व और ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ 24 नवंबर को शाम आठ बजे यमुना की भव्य महाआरती के साथ होगा। वहीं, बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह तीन बजे से श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पचनद संगम समिति के अध्यक्ष बापू सहेल सिंह परिहार ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र संगम में स्नान की परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। इस बार भी इटावा के अलावा जालौन, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मैनपुरी, झांसी और मध्य प्रदेश के भिंड, ग्वालियर तथा मुरैना से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु ऐतिहासिक महाकालेश्वर बाबा के मंदिर में जलाभिषेक कर मत्था टेकेंगे और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मन्नत मांगेंगे। पचनद मेले में लख्खी मेले के साथ बीहड़ क्षेत्र की पहचान जमुनापारी बकरियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाती है।
इसमें क्षेत्र के पशुपालक अपनी बेहतरीन बकरियों को सजाकर लेकर पहुंचते हैं। मेले में जमुनापारी नस्ल की बकरियों की कीमत एक लाख से पांच लाख रुपये तक पहुंच जाती है। एसडीएम रोहित कुमार मौर्य ने बताया कि मेले की प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नौकाओं, गोताखोरों और वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने 14 ड्यूटी पॉइंट बनाए हैं। इनमें बिठौली तिराहा, बिठौली थाना बैरियर, मंदिर मोड़ तिराहा, पचनद पुल बैरियर, स्नानघाट और मंदिर परिसर प्रमुख हैं। इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
विदेशी जलपरी का शो रहेगा आकर्षण
इस बार पचनद मेले में कानपुर के जलपरी शो को लेकर भी लोगों में उत्साह है। शो में विदेशी जलपरी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। बच्चे, महिलाएं और क्षेत्रीय युवा इसे देखने के लिए उत्साहित हैं। आयोजकों के अनुसार 50 रुपये में तीन मिनट का शो दिखाया जाएगा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
इन रास्तों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
इटावा से पचनद संगम की दूरी करीब 55 किलोमीटर है। इटावा से बकेवर हाईवे होकर लखना-सिंडौस मार्ग से चकरनगर और हनुमंतपुरा चौराहा पहुंचा जा सकता है। यहां से फूप-चौरेला मार्ग पर पश्चिम दिशा में करीब 19 किलोमीटर चलकर पचनद पहुंचेंगे। दूसरा रास्ता इटावा से उदी होते हुए चकरनगर और हनुमंतपुरा चौराहा होकर जाता है। भिंड, ग्वालियर और मुरैना से आने वाले श्रद्धालु फूप पहुंचकर चौरेला मार्ग से पचनद जा सकते हैं। इसके अलावा भिंड से ऊमरी होते हुए पांडरी मुख्य मार्ग से चंद्रहंसपुरा गांव पहुंचकर फूप-चौरेला मार्ग पकड़ सकते हैं। यहां से हनुमंतपुरा चौराहा होते हुए पचनद पहुंचेंगे। औरैया की ओर से आने वाले श्रद्धालु बाबरपुर से सिकरौड़ी होते हुए भरेह थाना और फिर बंसरी मार्ग से संगम पहुंच सकते हैं।
मंदिरों में कराई गई सजावट, दीपक जलाए
इटावा। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों, काली बांह मंदिर, कालीबाड़ी मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर पर सजावट की गई। दीयों से मंदिरों को सजाया गया।

फोटो 36: पचनद मेला में लगा आसमानी झूला। संवाद

फोटो 36: पचनद मेला में लगा आसमानी झूला। संवाद
