रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:आभा आईडी कम बनाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी का रोका वेतन – Unnao News

November 24, 2026


उन्नाव। स्वास्थ्य योजनाओं की असंतोषजनक प्रगति पर डीएम घनश्याम मीना ने अधिकारियों को फटकार लगाई। आभा आईडी बनाने में खराब प्रगति पर औरास के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए।

सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव, एफआरयू में सिजेरियन, जननी सुरक्षा योजना और आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की समीक्षा की। खराब प्रगति पर चिकित्सा प्रभारियों को सुधार की चेतावनी दी। जिला पुरुष अस्पताल के जन औषधि केंद्र पर बाहर की पेटेंट दवाएं बेचने की शिकायत पर सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला को सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।

डीएम ने आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अभियान चलाने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन, एचपीवी टीकाकरण, ई-संजीवनी और संगिनी भुगतान के कार्यों में तेजी लाने को कहा। बैठक में सीडीओ कृतिराज और सीएमओ डॉ. एके शर्मा मौजूद रहे।

आंगनबाड़ी केंद्रों का अधूरा काम 15 दिन में करें पूरा

जिला पोषण समिति की बैठक में डीएम ने अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र और वॉल पेंटिंग का काम पूरा न होने पर नाराजगी जताई। बीडीओ को 15 दिन के भीतर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। ऐसा न होने पर विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषाहार का समय पर वितरण सुनिश्चित कराने, कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश देकर बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X