Panipat News:गुरबाणी और अरदास से गूंजे गुरुद्वारे – Gurdwaras Resounded With Gurbani And Ardas
गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर जिले के 60 गुरुद्वारों में सजे कीर्तन दरबार
गुरु तेग बहादुर भवन में यूएसए से आए रागी जत्थे ने किया शबद-कीर्तन
-गुरु का अटूट लंगर बरता दिया मानवता और सच की कमाई का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर सहित पूरे जिले में श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के करीब 60 गुरुद्वारों और धार्मिक सोसाइटियों में विशेष कीर्तन दरबार सजाए गए। सुबह से देर शाम तक चले आयोजनों में रागी जत्थों ने गुरबाणी और शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं का गुणगान किया।
श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की और गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया। जीटी रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहली पातशाही की ओर से प्रकाश पर्व पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को गुरु तेग बहादुर भवन में विशेष दीवान सजाया गया।
कमेटी सदस्य अगम अपार सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे से ही शबद-कीर्तन का सिलसिला शुरू हो गया था। सबसे पहले स्थानीय हजूरी रागी जत्थे के भाई जसविंदर सिंह ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद गुरु नानक स्त्री सत्संग सभा और श्री सुखमणि साहिब सोसायटी की ओर से गुरबाणी का पाठ किया गया।
कार्यक्रम में यूएसए से पहुंचे अमरजीत सिंह तान पटियाला वाले रागी जत्थे ने शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव की शिक्षाओं का संदेश दिया। वहीं, पंथक ढाडी जत्थे के ज्ञानी रघुबीर सिंह खालसा ने गुरु साहिब के जीवन और संघर्षों का संगीतमय वर्णन किया। दिनभर संगत ने कीर्तन दरबार में शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।
मॉडल टाउन और कच्चा कैंप में भी सजे दीवान
अगम अपार सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा पहली पातशाही के अलावा गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल टाउन, गुरुद्वारा नरैण सिंह और कच्चा कैंप स्थित गुरुद्वारे सहित शहर की विभिन्न धार्मिक सोसाइटियों में भी विशेष आयोजन हुए।
प्रबंधक कमेटी के सदस्य लखविंदर सिंह ने कहा कि प्रकाश पर्व मनाने का उद्देश्य गुरु नानक देव की शिक्षाओं को जीवन में अपनाना है। गुरु साहिब ने समस्त मानव जाति को एक परमात्मा की संतान बताते हुए समानता, ईमानदारी और सच की कमाई का संदेश दिया था।
कार्यक्रम के समापन पर कमेटी सदस्यों सुखदेव सिंह, लखविंदर सिंह, जसविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, बलजीत सिंह और अगम अपार सिंह ने संगत व सेवादारों का आभार जताया। इस दौरान गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।
5-7

प्रकाश पर्व पर गुरु तेग बहादुर सिंह भवन में गुरु ग्रंथ साहिब की सेवा करते । संवाद
