रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भदोही

सीईपीसी :पांच रिक्त पदों के लिए 30 प्रत्याशियों ने किया नामांकन – Cepc: 30 Candidates File Nominations For Five Vacant Posts

November 24, 2026


कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के प्रशासनिक समिति के पांच रिक्त पदों के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। इन पदों के लिए करीब 30 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। चुनाव समिति की ओर से 27 नवंबर को स्क्रूटनी के दिन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।

सीईपीसी की 18 सदस्यीय प्रशासनिक समिति में पांच सदस्यों का कार्यकाल बीते अक्तूबर में पूरा हो गया था। इन रिक्त पदों को भरने के लिए परिषद ने चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत 10 से 18 दिसंबर तक इलेक्ट्रॉनिक मतदान कराया जाएगा। 18 दिसंबर को ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। अधिसूचना के अनुसार, नामांकन की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित थी। स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी।

भदोही कालीन परिक्षेत्र के निर्यातक मतदाताओं में प्रत्याशियों के नामों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। चुनाव समिति के सदस्य एवं एकमा अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता मुन्ना ने बताया कि पांच पदों के लिए करीब 30 लोगों ने नामांकन किया है। प्रत्याशियों के नाम 27 नवंबर को स्क्रूटनी के दिन घोषित किए जाएंगे। परिषद के जिन पांच सदस्यों का कार्यकाल पूरा हुआ है, उनमें उत्तर प्रदेश के हुसैन जाफर हुसैनी, रवि पाटोदिया, कश्मीर के कुलदीप राज वाटल, मेहराज यासीन जन और शेष भारत के बोधराज मल्होत्रा शामिल हैं। भारत सरकार के निर्देश पर पांचों पद अलग-अलग श्रेणियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें एक पद उत्तर प्रदेश, एक स्टार हाउस या ट्रेडिंग हाउस, एक महिला उद्यमी, एक युवा उद्यमी और एक पूर्वोत्तर राज्य अथवा पहाड़ी क्षेत्र के प्रतिनिधि के लिए निर्धारित है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X