पंचायती राज चुनाव में बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी तीनों में से किसी को भी बहुमत नहीं मिला है। बुधवार को जिला प्रमुख का चुनाव है, किंतु तीनों ही दलों में बोर्ड के गठन को लेकर कश्मकश की स्थिति है। तीनों ही दलों ने किसी से गठबंधन नहीं किया है, वहीं पार्टियों को क्रॉस वोटिंग का भी डर सता रहा है।
दोनों जिलों में बहुमत से दूर रही पार्टियां जोड़-तोड़ में लगी हैं। मतगणना के दिन तस्वीर साफ होने के बाद कांग्रेस को उम्मीद थी कि लोकसभा चुनाव में दिए समर्थन के बदले बीएपी का सहयोग मिल जाएगा, किंतु पहली बार में 17 सीटें लाकर बीएपी अपना जिला प्रमुख बनाने की जुगत में लगी है। 5 सीटों वाली भाजपा से बीएपी का गठबंधन होने की चर्चाएं हैं। भाजपा भी बीएपी का जिला प्रमुख बनाने को तैयार है, किंतु सूत्र बताते हैं कि बीएपी के कुछ सदस्य भाजपा से गठबंधन के विरोध में है। ऐसे में मामला आलाकमान पर छोड़ दिया गया है। इन स्थितियों में क्रॉस वोटिंग की भी आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: सिरोही: जिला परिषद प्रमुख और उप प्रमुख चुनाव का कार्यक्रम जारी, 25 व 26 नवंबर को होगी निर्वाचन प्रक्रिया
कांग्रेस कर रही कोशिश
जिला परिषद की 43 में से 21 सीटों पर कब्जा करने वाली कांग्रेस बीएपी का सहयोग और समर्थन नहीं मिलने के कारण बहुमत का आंकड़ा 22 को छूने के लिए भरसक कोशिश कर रही है। कांग्रेस का प्रयास यही है कि लगातार छठी बार बोर्ड बनाया जाए। इसके पीछे जिलाध्यक्ष और विधायक अर्जुनसिंह बामनिया की साख भी जुड़ी है। बामनिया के बेटे और पूर्व उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामनिया को कांग्रेस पहले ही जिला प्रमुख का चेहरा घोषित कर चुकी है।
डूंगरपुर में भी यही स्थिति
डूंगरपुर में पिछले चुनाव में बीएपी को बाहर रखने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने गठबंधन कर लिया था। इस बार भी यहां त्रिशंकु सदन बना है। भाजपा और बीएपी के पास 14-14 सदस्य हैं और कांग्रेस ने 9 सीटों पर कब्जा किया है। यहां भी तीनों ही दलों में एक-दूसरे से गठबंधन के बिना बोर्ड नहीं बन पाएगा। प्रदेश स्तर से भाजपा और बीएपी का गठबंधन होने पर स्थिति आसान हो जाएगी। गठबंधन नहीं होने पर या तो इतिहास फिर दोहराया जा सकता है या फिर कांग्रेस और बीएपी भी हाथ मिलाकर भाजपा को जिला प्रमुख की दौड़ से बाहर कर सकते हैं।
कांग्रेस सदस्यों ने ली शपथ
इधर मंगलवार शाम को कांग्रेस के सदस्यों ने निर्वाचन की शपथ ली। सभी सदस्यों को बाड़ेबंदी से लाया गया। शाम करीब 5 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने कलेक्ट्री सभागार में सभी को शपथ दिलाई।