रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:महेश्वर की आध्यात्मिक विरासत पर मुग्ध हुए शंकराचार्य, बोले- मध्य प्रदेश की सबसे दिव्य भूमि है यह नगरी – Mp: Shankaracharya Captivated By Maheshwar Spiritual Heritage Calls The Town The Most Divine Land
खरगोन

एमपी:महेश्वर की आध्यात्मिक विरासत पर मुग्ध हुए शंकराचार्य, बोले- मध्य प्रदेश की सबसे दिव्य भूमि है यह नगरी – Mp: Shankaracharya Captivated By Maheshwar Spiritual Heritage Calls The Town The Most Divine Land

November 24, 2026


श्री शृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य श्री श्री विदुशेखर भारती जी महाराज महेश्वर की आध्यात्मिक विरासत और प्राचीन धार्मिक परंपराओं से अभिभूत नजर आए। नगर के विभिन्न मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के बाद उन्होंने महेश्वर को मध्य प्रदेश की सबसे दिव्य भूमि बताया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के तट पर बसा यह नगर सनातन धर्म, शास्त्रीय ज्ञान और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है।

प्राचीन मंदिरों और अहिल्याबाई की राजगद्दी के किए दर्शन

नगर आगमन के बाद शंकराचार्य ने जलेश्वर मंदिर में दर्शन किए और वहां शास्त्रार्थ स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने जगन्नाथ धाम, रामेश्वर धाम, भगवान परशुराम मंदिर और महान विद्वान मंडन मिश्र के निवास स्थान पर पहुंचकर दर्शन किए।

उन्होंने काशी विश्वनाथ और राजराजेश्वर मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की राजगद्दी पहुंचे। यहां उन्होंने देवी अहिल्याबाई द्वारा देशभर में शिवालयों के जीर्णोद्धार और धार्मिक कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी देखी। इस दौरान पार्थिव शिवलिंग पूजन और देव पूजा भी संपन्न हुई। शारदा सदन ग्रंथालय में समिति की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।

धर्मसभा में बताया महेश्वर का आध्यात्मिक महत्व

सामने घाट स्थित नर्मदा मंदिर में आयोजित धर्मसभा में शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए। उन्होंने कहा कि महेश्वर ऐसा पवित्र क्षेत्र है, जहां सनातन धर्म के प्रत्येक अनुयायी को जीवन में एक बार अवश्य दर्शन करना चाहिए। मां नर्मदा की महिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने महेश्वर को प्राचीन मंदिरों और आध्यात्मिक परंपराओं से समृद्ध बताया।

उन्होंने मंडन मिश्र की इस भूमि का उल्लेख करते हुए आदि शंकराचार्य और मंडन मिश्र के बीच हुए ऐतिहासिक शास्त्रार्थ प्रसंग को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महेश्वर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय सनातन परंपरा, शास्त्रीय विद्वत्ता और धर्म के पुनर्जागरण से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमि है।

धर्मसभा के बाद शंकराचार्य ने मां नर्मदा की आरती में सहभागिता की। रात्रि में वे सप्तमातृका आश्रम पहुंचे, जहां चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया। उनका धार्मिक प्रवास अगले दिन भी जारी रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में कालेश्वर मंदिर, नगर की गौशाला और देवगढ़-चोली सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन शामिल हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X