Kaushambi News:शेरवानी से टक्सीडो तक, दूल्हों के फैशन में दिख रहा नया अंदाज – From Sherwanis To Tuxedos, A New Style Is Emerging In Groom Fashion
सहालग शुरू होते ही बाजारों में दूल्हों के फैशन का रंग चढ़ने लगा है। शादी में खास और आकर्षक दिखने के लिए युवा पारंपरिक शेरवानी के साथ आधुनिक सूट और इंडो-वेस्टर्न परिधानों को पसंद कर रहे हैं। किसी को शेरवानी का नवाबी अंदाज भा रहा है तो कोई टक्सीडो और थ्री-पीस सूट में अपना अलग अंदाज तलाश रहा है। दूल्हों की बदलती पसंद से कपड़ों का बाजार भी गुलजार हो गया है।
इस बार कढ़ाईदार शेरवानी, इंब्रॉयडरी वाले ब्लेजर और बंद गले के सूट की मांग अधिक है। डिजाइनर जोधपुरी सूट और इंडो-वेस्टर्न परिधान भी युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। पारंपरिक पहनावे में हैवी वर्क वाली शेरवानी और मुगलई डिजाइन का क्रेज है। वहीं, सादगी पसंद युवा कम कढ़ाई और आकर्षक कटिंग वाली पोशाकें चुन रहे हैं।
रंगों की पसंद में भी बदलाव दिख रहा है। मैरून और गोल्डन के साथ आइवरी, ऑफ व्हाइट, बेज और पेस्टल शेड्स को तरजीह दी जा रही है। कई दूल्हे पोशाक के साथ मैचिंग साफा, डिजाइनर पगड़ी, स्टोल और ब्रोच भी खरीद रहे हैं। एमआर मार्ट समदा के मालिक प्रमोद तिवारी के मुताबिक, पिछले साल की अपेक्षा इस बार दूल्हों के परिधानों की खरीदारी बढ़ी है।
दूल्हे के कपड़े की कीमत
इंब्रॉयडरी ब्लेजर 4,000 से 12,000 रुपये
इंब्रॉयडरी शेरवानी 10,000 से 35,000 रुपये
बंद गले के सूट 9,000 से 14,000 रुपये
थ्री-पीस सूट 12,000 से 25,000 रुपये
पगड़ी 400 से 1,500 रुपये
इस बार दूल्हों के पहनावे को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। पारंपरिक शेरवानी के साथ जोधपुरी सूट, टक्सीडो और इंडो-वेस्टर्न परिधानों की मांग बढ़ी है। युवा अब अपनी पसंद और शादी की थीम के हिसाब से कपड़े चुन रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार दूल्हों के परिधानों की खरीदारी में तेजी है। – बॉबी साहू, कपड़ा व्यापारी
मैंने अपनी शादी के लिए पारंपरिक कपड़ों के बजाय आधुनिक अंदाज को चुना है। शादी जिंदगी का खास मौका होता है, इसलिए इस दिन पहनावा भी खास होना चाहिए। मैं ऐसा परिधान पसंद कर रहा हूं, जिसमें पारंपरिक अंदाज के साथ आधुनिकता भी झलके। शेरवानी के अलावा जोधपुरी सूट और इंडो-वेस्टर्न डिजाइन भी अच्छे लग रहे हैं।
– अजय कुमार विश्वकर्मा, ग्राहक
