रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबेडकर नगर

Ambedkar Nagar News:वनरोज से टकराकर युवक की मौत – Youth Dies After Colliding With A Nilgai

November 24, 2026


सद्दरपुर। इब्राहिमपुर के खांसा पहाड़पुर गांव के निकट सोमवार रात वनरोज से टकराने के कारण बाइक सवार जशवंत (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में उनकी मौत हो गई। वह वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।

खांसा पहाड़पुर निवासी राकेश ने बताया कि उनके भतीजे जशवंत एक निजी टेलीकॉम कंपनी में टावर मेंटेनेंस का काम करते थे। सोमवार को वह डांडी गांव में निमंत्रण में गए थे। रात करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। गांव से करीब 200 मीटर पहले अचानक बाइक के सामने वनरोज आ गया। इससे वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और वनरोज से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

जशवंत तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाई सुनील (35) मुंबई में निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि छोटा भाई यशवंत शटरिंग का काम करता है। जशवंत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां इंद्रावती का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बेटे को याद कर बेसुध हो जा रही थीं। पिता मंशाराम भी बेटे की मौत से बदहवास हैं। सीओ टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि वनरोज की टक्कर से घायल युवक की मौत हुई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X