रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:बहते पानी में झांक लेने दो… अमरोहा की अदबी महफिल में शायरी ने बांधा समां – Poetry Enthralled The Audience At The Literary Gathering In Amroha

November 25, 2026


अमरोहा। बहते पानी में झांक लेने दो, खुद-ब-खुद डगमगाएगा सूरज… उस्ताद शायर नुदरत नवाज अमरोहवी के इस शेर के साथ उनकी शायरी का जादू अदबी महफिल में खूब छाया। शायरों के एक से बढ़कर एक कलाम पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी। मौका था नुदरत नवाज दरबारे अदब अकादमी की ओर से मंगलवार को ऐवान-ए-अंदाज में आयोजित मुशायरे, सम्मान समारोह और पुस्तक के विमोचन का।

कार्यक्रम में अमेरिका से पहुंचे प्रसिद्ध साहित्यकार एवं अल नूर इंटरनेशनल के चेयरपर्सन डॉ. नूर अमरोहवी को पहले नुदरत नवाज अदबी अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें साहित्य में योगदान, उर्दू साहित्य के प्रचार-प्रसार और समाजसेवा के लिए यह सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कौसर अली अब्बासी ने की। मुख्य अतिथि डॉ. नूर अमरोहवी और विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर नाशिर नकवी रहे। मुशायरे का संचालन डॉ. नासिर अमरोहवी और अंदाज अमरोहवी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का आगाज नन्हे मोहम्मद हस्सान ने नात-ए-पाक पेश करके किया। इस दौरान अमरोहा के प्रसिद्ध उस्ताद शायर नुदरत नवाज अमरोहवी की गजलों की पुस्तक ”बहते पानी में” के पहले पन्ने का विमोचन भी किया गया। डॉ. नूर अमरोहवी, प्रोफेसर नाशिर नकवी समेत अन्य साहित्यकारों ने पुस्तक का विमोचन किया।

मुशायरे में डॉ. नूर अमरोहवी ने अमरोहा की अदबी विरासत को शेर में पिरोते हुए कहा, सालिका अहले अमरोहा से सीखो हम-कलामी का, यहां की गुफ्तगू भी मीर के दीवान जैसी है। वहीं नुदरत नवाज ने पहले खुद को जलाएगा सूरज, फिर कहीं जगमगाएगा सूरज सुनाकर वाहवाही लूटी।

प्रोफेसर नाशिर नकवी, हबीब अहमद, तहसीन मुरादाबादी, शायर मुरादाबादी, शहाब अनवर, डॉ. नासिर अमरोहवी, अंदाज अमरोहवी, जमशेद नवाज, अनीस अमरोहवी, मेहरबान अमरोही, नाजिश मुस्तफा, फैज आलम फैज और शाह फजल अहमद ने भी अपने कलाम पेश किए। सभी शायरों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. महताब अमरोही, अल्ताफ कुरैशी, डॉ. उमर कुरैशी समेत अनेक साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X