रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:शिक्षक करते रहे खेल…बच्चों के भविष्य से होता रहा खिलवाड़ – Education News

November 25, 2026


बागपत। बिजवाड़ा गांव के बीपी इंटर कॉलेज में दो शिक्षकों को आए बिना फर्जी हस्ताक्षर से वेतन जारी होता रहा। सामाजिक विज्ञान के शिक्षक परमजीत सिंह ने वर्ष 2012 से नवंबर 2026 तक और अंग्रेजी की शिक्षिका चेतना सक्सेना ने वर्ष 2017 से जुलाई 2024 तक आए बिना वेतन लिया। इसकी जांच हुई तो बच्चों ने साफ बताया कि इन दोनों शिक्षकों ने उनको कभी नहीं पढ़ाया। अब इन पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

बीपी इंटर कॉलेज के शिक्षक सुभाष चंद्र ने दो शिक्षकों के स्कूल में आए बिना वेतन लेने, उपस्थिति रजिस्टर में फर्जी तरीके से हाजिरी लगाने और विद्यार्थियों से निर्धारित से अधिक शुल्क लेने समेत अन्य आरोप लगाते हुए डीआईओएस से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की थी। मामले की जांच डीआईओएस राजीव कुमार यादव को सौंपी गई।

डीआईओएस के अनुसार जांच में पता चला कि परमजीत सिंह ने वर्ष 2012 में कार्यभार ग्रहण किया था और इसके बाद वह कभी-कभी कॉलेज में आते थे। रजिस्टर में उनकी हाजिरी लगातार लगती रही। जब उनके अभिलेखों व हाजिरी रजिस्टर में हस्ताक्षरों का मिलान कराया गया तो दोनों अलग-अलग मिले।

शिक्षिका चेतना सक्सेना ने वर्ष 2017 को कार्यभार ग्रहण किया और इसके बाद वह कभी कॉलेज में नहीं आईं। इसके बावजूद उनके खाते में जुलाई वर्ष 2024 तक वेतन जाता रहा। साथ ही जांच में पता चला कि शिक्षिका चेतना सक्सेना मेरठ में निजी कोचिंग सेंटर चलाती हैं। डीआईओएस ने जांच करने के बाद प्रबंधक निर्भय सिंह को दोनों शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा।

कॉलेज के प्रबंधक निर्भय सिंह ने बताया कि शिक्षक परमजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि उनका कहना है कि वह स्कूल में आते थे और जो आरोप लगाए गए थे वे गलत हैं। वहीं शिक्षिका चेतना सक्सेना ने तीन दिन में नौकरी से त्यागपत्र भेजने की बात उनसे कही है और त्यागपत्र आने के बाद वेतन रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक व बच्चे बोले, कभी स्कूल में नहीं देखे दोनों शिक्षक

डीआईओएस ने बताया कि कॉलेज में जाकर जांच करने के दौरान शिक्षकों व बच्चों से बातचीत की गई। वहां शिक्षकों व बच्चों ने बताया कि परमजीत सिंह परमजीत कभी-कभी कॉलेज में दिखाई देते हैं। वहीं शिक्षिका चेतना सक्सेना को कभी किसी ने कॉलेज में नहीं देखा। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती रही।

विद्यार्थियों से अधिक शुल्क लिया जा रहा

डीआईओएस के अनुसार कार्यवाहक प्रधानाचार्य नीरज कुमार अग्रवाल लगातार विद्यार्थियों से अधिक शुल्क ले रहे थे। वहां निर्धारित शुल्क 440 के स्थान पर 575 रुपये लिए जा रहे थे। साथ ही हाजिरी में बायोमीट्रिक का कभी इस्तेमाल नहीं किया गया। डीआईओएस ने बताया कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियम विरुद्ध कार्य करने के दोषी हैं और उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए प्रबंधक को पत्र लिखा गया है।

वर्जन

– जांच में शिक्षक परमजीत सिंह व चेतना सक्सेना दोषी मिली है और स्कूल में आए बिना वेतन दिया जा रहा था। दोनों शिक्षकों से रिकवरी करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

-राजीव कुमार यादव, डीआईओएस

मुझ पर लगाए गए आरोप गलत हैं। रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर नहीं किए गए। वेतन भी नियम के अनुसार दिया गया है। बच्चों से शुल्क भी निर्धारित ही लिया जा रहा है।

-नीरज कुमार अग्रवाल, कार्यवाहक प्रधानाचार्य, बीपी इंटर कॉलेज बिजवाड़ा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X