Pithoragarh News:बेस अस्पताल में विशेषज्ञों की कमी, बेहतर इलाज के दावे हवाई – Base Hospital Lacks Specialists, Claims Of Better Treatment Are Baseless
पिथौरागढ़। जिले में मेडिकल कॉलेज का संचालन तो हो गया है लेकिन इसके अधीन बेस अस्पताल में बेहतर इलाज के दावे धरातल पर नहीं उतर सके हैं। मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों के रूप में पर्याप्त फैकल्टी की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में बेस अस्पताल में सेवा देने के लिए विशेषज्ञ नहीं हैं। ऐसे में जिले के लोगों को करोड़ों के बेस अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के संचालन के बाद इसके अधीन बेस अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे किए गए थे। फैकल्टी की कमी से यह दावे परवान नहीं चढ़ सके हैं। मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी के 85 पद स्वीकृत हैं जबकि अब तक सिर्फ 27 फैकल्टी की तैनाती हो सकी है। यही फैकल्टी विशेषज्ञों के रूप में बेस अस्पताल में अपनी सेवा देकर जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
हैरानी है कि महिला रोग, ईएनटी, सर्जरी सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों में फैकल्टी की तैनाती नहीं हुई है। अन्य विभागों में सिर्फ एक फैकल्टी होने से उसके लिए मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरी का ज्ञान बांटने के साथ ही बेस अस्पताल में मरीजों की जांच और इलाज करना संभव नहीं हो रहा है। ऐसे में बेस अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का जिले के लोगों का इंतजार खत्म नहीं हो सका है।
बेस में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीन तक नहीं
फैकल्टी के लिए बेस अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मशीनरी उपलब्ध नहीं है। हैरानी है कि 65 करोड़ के बेस अस्पताल में अब तक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीन जैसे मूलभूत उपकरण मौजूद नहीं है। अब मेडिकल कॉलेज प्रबंधन जल्द इन उपयोगी उपकरणों की खरीद की बात कर रहा है।
मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त फैकल्टी तैनात होते ही बेस अस्पताल में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फैकल्टी की तैनाती के साथ ही बेस अस्पताल के लिए जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। बेस अस्पताल में मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी को सेवा देने में कुछ समय और लगेगा। – डॉ. एके सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़
