सोनभद्र जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर पिपरडीह गांव में सोमवार रात पति ने कटारी और लोहे की रॉड से हमला कर पत्नी देवंती देवी (46) की हत्या कर दी। मंगलवार सुबह आरोपी रामकरन चेरो ने पट्टीदारों और ग्राम प्रधान के घर पहुंचकर पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी और भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को घर में महिला का शव मिला। शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राथमिकी के अनुसार, मंगलवार सुबह रामकरन पहले अपने पट्टीदारों और फिर ग्राम प्रधान सुरेंद्र गोंड के घर पहुंचा। उसने पत्नी की हत्या करने की बात बताई और वहां से चला गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में देवंती का शव पड़ा था। उसके शरीर के कई हिस्सों पर कटारी और रॉड से हमले के निशान मिले। घटनास्थल पर शराब की बोतल और मांसाहारी भोजन बनाने की सामग्री भी मिली। आशंका जताई जा रही कि खाना बनाने के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और वारदात को अंजाम दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता था। दुद्धी कोतवाल अमित कुमार मिश्रा, कस्बा चौकी इंचार्ज संजय सिंह और एसएसआई अंगद तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।