रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
राजौरी

अतिरिक्त बॉर्डर बंकरों का नया प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा, जल्द मंजूरी की उम्मीद :मुख्य सचिव – New Proposal For Additional Border Bunkers Sent To The Ministry Of Home Affairs; Approval Expected Soon: Chief Secretary

November 25, 2026


राजोरी के वाइब्रेंट विलेज भवानी में मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने ब्लॉक दिवस पर सुनीं जनसमस्याएं

क्रासर

मां मंगला माता मंदिर के लिए बनेगा व्यापक विकास प्लान, कलसियां में खेल स्टेडियम के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश

संवाद न्यूज एजेंसी

नौशेरा (राजोरी)। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव डॉ. सज्जन सिंह यादव ने कहा कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ अतिरिक्त भूमिगत बंकरों के निर्माण का नया प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया है और यह विचार के अंतिम चरण में है।

मुख्य सचिव बुधवार को राजोरी जिले के नौशेरा ब्लॉक स्थित वाइब्रेंट विलेज भवानी में आयोजित ब्लॉक दिवस सह जनशिकायत निवारण शिविर में सीमावर्ती लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इससे पहले उन्होंने शिक्षा, पशुपालन, भेड़ पालन, मिशन पोषण और समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।

अतिरिक्त बंकरों की मांग पर मुख्य सचिव ने कहा, केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक नया प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर गंभीरता से विचार चल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राजोरी जिले में एलओसी पर नागरिकों की सुरक्षा के लिए अब तक 2,783 भूमिगत बंकर बनाए जा चुके हैं। इनमें से 1,528 बंकर ग्रामीण विकास विभाग और 1,255 लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने बनाए हैं।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तेज हुई थी अतिरिक्त बंकरों की मांग

मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अग्रिम गांवों में हुई भीषण पाकिस्तानी गोलाबारी और ड्रोन हमलों के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बंकरों की मांग तेज हुई थी। उस दौरान जम्मू-कश्मीर में 27 लोगों (अधिकांश नागरिक) की जान गई थी और 70 घायल हुए थे। प्रदेश में कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों के साथ 221 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और 744 किलोमीटर लंबी एलओसी लगती है, जिससे सीमावर्ती आबादी की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्थानीय लोगों ने उठाईं ये प्रमुख मांगें

शिविर के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मां मंगला माता मंदिर को पवित्र स्थल (श्राइन) का दर्जा देने, सीमावर्ती पर्यटन मेला आयोजित करने, कृषि-इकोटूरिज्म को बढ़ावा देने, नौशेरा-झांगड़ मार्ग को डबल लेन करने, स्कूलों में स्टाफ की कमी दूर करने, कलसियां में खेल स्टेडियम बनाने, भवानी में डिस्पेंसरी व एंबुलेंस सुविधा देने, केंद्रीय विद्यालय खोलने, मक्का-गेहूं के बीजों के दाम तय करने और कृषि उपज के भंडारण (स्टोरेज) की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।

मुख्य सचिव के प्रमुख निर्देश एवं आश्वासन

मंदिर व खेल मैदान :

मुख्य सचिव ने जिला आयुक्त (डीसी) डॉ. देवांश यादव को धार्मिक पर्यटन और इकोटूरिज्म की संभावनाओं को देखते हुए मां मंगला माता मंदिर के लिए व्यापक विकास योजना तैयार करने तथा कलसियां में खेल स्टेडियम के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में इनडोर खेल सुविधाएं विकसित करने को भी कहा।

स्वास्थ्य व शिक्षा:

उन्होंने भवानी में डिस्पेंसरी व एंबुलेंस सेवा के लिए उचित कदम उठाने और स्कूलों में स्टाफ की कमी तथा केंद्रीय विद्यालय की मांग संबंधित विभागों के समक्ष रखने का भरोसा दिया।

युवाओं को स्वरोजगार: उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं को स्टार्टअप, कौशल विकास और बिना गारंटी वाले ऋण की सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।

लाभार्थियों को सौंपे मंजूरी व नियुक्ति पत्र

मुख्य सचिव ने कहा कि उपराज्यपाल की पहल पर शुरू हुआ ब्लॉक दिवस जनता के द्वार पर शासन पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। उन्होंने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत कृषि मशीनरी, भेड़ पालन योजनाओं के लाभार्थियों को मंजूरी पत्र और नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। शिविर में डीआईजी राजोरी-पुंछ रेंज संदीप वजीर, एसएसपी नरेश सिंह, एडीडीसी मलिकजादा शेराज उल हक, एडीसी रवि सिहाग, एडीसी नौशेरा प्रीतम लाल थापा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X