रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:पहली पत्नी पहुंची तो दूसरी दुल्हन की विदाई से पहले मचा हंगामा – Uproar Ensues Before The Second Bride’s Departure

November 26, 2026


अमरोहा। पहली पत्नी से दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद युवक दूसरी शादी करने पहुंच गया। इसकी जानकारी पहली पत्नी को हुई तो वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ शादी वाले गांव पहुंच गई। दूसरी दुल्हन की विदाई कराने आए दूल्हे की कार को रास्ते में घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। घंटों चली बातचीत के बाद तीन दिन में विवाद सुलझाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद युवक दूसरी पत्नी को लेकर घर रवाना हो गया।

मामला मंगलवार शाम नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा अपरौला का है। शहर के मोहल्ला शिवद्वारा निवासी युवक का करीब एक साल पहले बिजनौर जिले के गांव जिंदरपुर निवासी युवती से निकाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर पति-पत्नी और दोनों परिवारों के बीच विवाद रहने लगा। शादी के करीब दो महीने बाद ही युवक ने पत्नी को घर से निकाल दिया। इसके बाद 24 दिसंबर 2025 को विवाहिता ने बिजनौर कोतवाली में पति और ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

इसी बीच मंगलवार सुबह पहली पत्नी को जानकारी मिली कि उसका पति खेड़ा अपरौला गांव में दूसरी शादी कर चुका है। चार दिन पहले निकाह हुआ था और अब दुल्हन की विदाई होनी थी। यह सुनकर वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ गांव पहुंच गई। कुछ देर बाद दूल्हा दूसरी दुल्हन को विदा कराने कार से पहुंचा तो पहली पत्नी ने रास्ते में ही उसकी गाड़ी घेर ली।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर बातचीत कराई। आरोप है कि युवक ने पत्नी का दहेज वापस करने और तलाक से संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही। तीन दिन में विवाद सुलझाने का आश्वासन मिलने पर दोनों पक्ष लौट गए। इसके बाद युवक दूसरी दुल्हन की विदाई कराकर चला गया। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में बातचीत कर चले गए थे। मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X