रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कोटपूतली-बहरोड़:चार बार हारे, एक बार पर्चा खारिज हुआ, फिर भी नहीं मानी हार; 58 की उम्र में बने जिला प्रमुख – Ramniwas Yadav Kotputli Behror First Zila Pramukh Political Struggle Congress
कोटपूतली-बहरोड़

कोटपूतली-बहरोड़:चार बार हारे, एक बार पर्चा खारिज हुआ, फिर भी नहीं मानी हार; 58 की उम्र में बने जिला प्रमुख – Ramniwas Yadav Kotputli Behror First Zila Pramukh Political Struggle Congress

November 26, 2026


चार विधानसभा चुनावों में हार, एक बार नामांकन खारिज और एक बार चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला, लेकिन रामनिवास यादव ने राजनीतिक संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। करीब तीन दशक के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 58 वर्ष की उम्र में उनकी मेहनत रंग लाई। बुधवार को वे नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पहले जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। जिला परिषद के 27 सदस्यों में कांग्रेस के 20, भाजपा के छह और एक निर्दलीय सदस्य शामिल था। चुनाव में रामनिवास यादव को 20 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी बलवान सिंह यादव को सात मत मिले। इस तरह उन्होंने 13 मतों से जीत दर्ज की।

रामनिवास यादव की यह जीत उनके लंबे राजनीतिक संघर्ष का अहम पड़ाव मानी जा रही है। जल, जंगल और जमीन के मुद्दों के साथ किसान-मजदूरों के हितों की राजनीति करने वाले यादव क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। लगातार चुनावी असफलताओं के बावजूद उन्होंने राजनीति नहीं छोड़ी और आखिरकार जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचे।

जीत के बाद छलके आंसू, इंद्राज गुर्जर को दिया श्रेय

जीत के बाद रामनिवास यादव भावुक हो गए और उनकी आंखें छलक आईं। उन्होंने कहा कि वे जाति-पाति और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आम आदमी की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। जिले के विकास में सभी को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी। यादव ने अपनी सफलता का श्रेय कांग्रेस पार्टी और जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर को दिया। उन्होंने कहा कि गुर्जर ने उनकी लगभग खत्म हो चुकी राजनीति को फिर से जीवित किया। वर्ष 2008 से शुरू हुए राजनीतिक वनवास को समाप्त कर उन्हें राजनीतिक पुनर्वास का अवसर दिया। उन्होंने पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, पूर्व विधायक रामचंद्र रावत, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत और कांग्रेस नेता संजय यादव सहित सभी जिला पार्षदों का आभार जताया।

17 हजार वोट से शुरू हुआ सफर, 3774 मतों की जीत ने बदली किस्मत

पावटा क्षेत्र के गुढ़ा तुलसीपुरा निवासी स्नातकोत्तर शिक्षित रामनिवास यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शरद यादव और नीतीश कुमार के नेतृत्व में की थी। वर्ष 1998 में जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर कोटपूतली विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 17 हजार मत मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2003 में इसी सीट से चुनाव लड़कर उन्होंने 27 हजार मत हासिल किए, लेकिन जीत नहीं मिली।

वर्ष 2008 में भाजपा के साथ जेडीयू गठबंधन के तहत उन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया, लेकिन नामांकन पत्र खारिज होने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ सके। वर्ष 2013 में फिर जेडीयू के टिकट पर मैदान में उतरे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2018 में कांग्रेस गठबंधन की उम्मीद में विराटनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी की, लेकिन गठबंधन नहीं होने के कारण चुनाव मैदान में नहीं उतरे। वर्ष 2023 में जननायक जनता पार्टी के टिकट पर कोटपूतली से चुनाव लड़ा, लेकिन एक बार फिर हार मिली। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान वे कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद पार्टी ने जिला परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 14 से प्रत्याशी बनाया। इस बार मतदाताओं ने उन्हें 3774 मतों के अंतर से जीत दिलाई। यह उनके राजनीतिक जीवन की पहली चुनावी सफलता थी। इसी जीत ने जिला प्रमुख बनने का रास्ता खोल दिया।

निर्दलीय पार्षद ट्रैक्टर लेकर पहुंचे मतदान करने

बुधवार को जिला प्रमुख चुनाव के लिए पंचायत समिति भवन में मतदान कराया गया। कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास यादव ने जिला पार्षदों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान जिला प्रभारी राजपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना और पूर्व विधायक रामचंद्र रावत सहित कई नेता मौजूद रहे। भाजपा की ओर से बलवान सिंह यादव ने नामांकन दाखिल किया।

दोपहर तीन बजे मतदान शुरू हुआ। इस दौरान निर्दलीय जिला पार्षद राकेश दायमा ट्रैक्टर पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने जय जवान-जय किसान के नारे लगाए और किसान हितों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। मतगणना में रामनिवास यादव को 20 और भाजपा प्रत्याशी को सात मत मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने यादव को विजयी घोषित कर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा और पद की शपथ दिलाई।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मतदान प्रक्रिया के दौरान पंचायत समिति भवन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। प्रशिक्षु आईपीएस एचके भगत के नेतृत्व में डीएसपी मदनलाल जैफ सहित कोटपूतली, सरूण्ड, पनियाला और बहरोड़ थानों के प्रभारी तथा यातायात पुलिस की टीम तैनात रही। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

रामनिवास यादव की जीत पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय शरद यादव की पुत्री एवं एआईसीसी सचिव सुभाषिनी यादव, शांतनु शरद यादव और बिहार के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने भी बधाई दी। करीब तीन दशक के राजनीतिक संघर्ष के बाद जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने जा रहे यादव के सामने अब जिले के विकास और आम लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X