Bilaspur News:किशोरों को बताए स्वस्थ जीवनशैली के गुर, एचपीवी वैक्सीनेशन पर किया जागरूक – Adolescents Were Taught The Principles Of A Healthy Lifestyle And Made Aware Of Hpv Vaccination
तलाई स्कूल में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
नशे और असंतुलित खानपान के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंस
बिलासपुर। शिशु मॉडल हाई स्कूल तलाई में बुधवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्वास्थ्य खंड झंडूता की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों, पोषण, नशे के दुष्प्रभावों और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य सुदेश कुमारी ने की। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने बताया कि भारत सरकार ने सात जनवरी 2014 को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू किया था। इसके तहत 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है। किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दौरान बच्चों को सही मार्गदर्शन और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, चोट एवं हिंसा, नशे की रोकथाम और रक्त अल्पता सहित गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि इसका सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक है और परिवार व समाज पर भी इसका असर पड़ता है। दीप कुमार ने कहा कि फास्ट फूड और असंतुलित खानपान से मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इनसे बचाव के लिए संतुलित आहार, फल-सब्जियों का सेवन और नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एचआईवी-एड्स, टीबी और हेपेटाइटिस बी व सी के बारे में भी जानकारी दी।
मानसिक परेशानी होने पर 14416 पर लें सहायता
उन्होंने बताया कि लगातार उदास रहना, अत्यधिक चिंता, थकान, ध्यान केंद्रित नहीं कर पाना और परिवार व दोस्तों से दूरी बनाना मानसिक परेशानी के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में टेली-मानसिक स्वास्थ्य सेवा के टोल फ्री नंबर 14416 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में एनीमिया की रोकथाम के लिए विद्यार्थियों को सप्ताह में एक बार आयरन की गोली दी जाती है। मासिक धर्म स्वच्छता कार्यक्रम के तहत किशोरियों को सैनिटरी नैपकिन भी उपलब्ध करवाए जाते हैं। इसके अलावा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व की जानकारी दी गई।
भाषण और चार्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान भाषण और चार्ट प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। भाषण प्रतियोगिता में हर्षित ने पहला, ईशा ने दूसरा और ज्योत्सना कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। चार्ट प्रतियोगिता में अंशुमन प्रथम, रुद्राक्ष द्वितीय और हरलीन तृतीय स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मीना कुमारी, सीएचओ मुकेश और सामाजिक आशा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।
