Faridabad News:जन्मदिन से पहले युवक की मौत, हत्या का आरोप – Young Man Dies Before His Birthday; Murder Alleged
जन्मदिन पर बेटे को आईफोन देने वाली थी मां, उससे पहले 18 वर्षीय आदित्य की मौत
– नंबर गेम : 28 नवंबर को मनाना था जन्मदिन
– मोबाइल की मांग को लेकर मां से हुई थी कहासुनी
– चाचा ने जताई हत्या की आशंका, साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति को लेकर लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भूपानी कॉलोनी में 18 वर्षीय आदित्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका 28 नवंबर को जन्मदिन था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से मां से आईफोन दिलाने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार शाम मां-बेटे के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, मां बेटे के जन्मदिन पर उसे नया फोन उपहार में देने की तैयारी कर रही थी। दूसरी ओर, मृतक के चाचा ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
आदित्य अपनी मां बबली का इकलौता बेटा था। उसके पिता किरण भाटी की वर्ष 2016 में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से मां अकेले ही उसकी परवरिश कर रही थी। परिजनों के अनुसार, आदित्य की पढ़ाई बीच में छूट गई थी। कुछ महीने पहले मां ने उसे करीब 52 हजार रुपये का एंड्रायड मोबाइल खरीदकर दिया था। 18 अक्तूबर को उसका मोबाइल कहीं खो गया। इसके बाद वह नया आईफोन लेने की जिद करने लगा।
बेटे की मांग पूरी करने में आर्थिक परेशानी होने पर मां ने अपना मोबाइल उसे इस्तेमाल करने के लिए दे दिया था। मां ने बताया कि वह 28 नवंबर को उसके जन्मदिन पर नया फोन उपहार में देना चाहती थी। इसलिए उसने बेटे को इसकी जानकारी नहीं दी और जन्मदिन तक इंतजार करने को कहा था। बुधवार शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आदित्य अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चाचा ने जताई हत्या की आशंका-
आदित्य के चाचा राजकुमार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए उसकी मां पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आदित्य के पिता की भी वर्ष 2016 में हत्या हुई थी। चाचा ने संपत्ति विवाद को इसकी वजह बताते हुए दावा किया कि आदित्य के नाम करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति होने वाली थी। उन्होंने मां की दूसरी शादी की इच्छा का भी जिक्र किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या से जुड़े कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए हैं। चाचा की ओर से लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फरीदाबाद बीके नागरिक अस्पताल में शवगृह के बाहर विलाप करते मृतक आदित्य भाटी के परिजन। संवाद
