Rampur News:तीन राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा रामपुर के युवक का नाम – Name Of A Youth From Rampur Linked To Cyber Fraud Complaints In Three States
रामपुर। साइबर ठगी के मामलों की जांच में रामपुर के एक युवक का नाम तीन राज्यों में दर्ज शिकायतों से जुड़ा सामने आया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों की पड़ताल में उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल अलग-अलग तरीकों से साइबर ठगी में किए जाने की बात सामने आई है। तीन राज्यों से संबंधित शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाने में दाऊद रजा खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के मुताबिक, थाने को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से एक शिकायत मिली थी। शिकायत में दर्ज तथ्यों और मोबाइल नंबर की जांच की गई तो रामपुर के एक व्यक्ति का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि संबंधित मोबाइल नंबर का इस्तेमाल तीन राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों में किया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाने में तैनात उवैस खान की तहरीर पर दाऊद रजा खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि संबंधित मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किन-किन घटनाओं में हुआ और ठगी के मामलों में उसकी क्या भूमिका रही। अलग-अलग राज्यों में दर्ज शिकायतों के तथ्यों का भी मिलान किया जा रहा है।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान मोबाइल नंबर के इस्तेमाल, संबंधित शिकायतों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
