Shahjahanpur News:नामकरण की खुशियों के बीच घर में पसरा मातम – Grief Descends Upon The Home Amidst The Joy Of A Naming Ceremony
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की शास्त्रीनगर कॉलोनी निवासी शाश्वत शर्मा (26) का बृहस्पतिवार दोपहर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। नामकरण की खुशियां मातम में बदल गईं।
बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब शाश्वत का शव शास्त्रीनगर कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि शाश्वत पढ़ाई और फिर नौकरी को लेकर अवसाद में था।
मृतक के पिता प्रदीप शर्मा खुदागंज स्थित एक संस्कृत महाविद्यालय में शिक्षक हैं। शाश्वत बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शाश्वत स्टेट बैंक आफ में कार्यरत अपने भाई शिवांश की बेटी के नामकरण की दावत में शामिल होने के लिए मंगलवार को नोएडा से घर के लिए निकला था। मुरादाबाद में बस खराब होने के बाद कोई अन्य साधन न मिलने पर वह पैदल ही चल दिया।
संपर्क न हो पाने के कारण चिंतित पिता ने थाना सदर बाजार में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। हालांकि, बुधवार दोपहर शाश्वत ने फोन कर बताया कि मोबाइल बंद होने और रास्ते में एक ढाबे पर रुक जाने के कारण संपर्क नहीं हो सका। इस दौरान वह 20-30 किलोमीटर पैदल भी चला। इसके बाद वह घर पहुंचा और रात में परिवार के साथ दावत में भी शामिल हुआ। दावत समाप्त होने के बाद शाश्वत ने अपने कमरे में पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी।
पिता के मुताबिक, परिवार में ऐसी कोई बात नहीं थी कि शाश्वत ऐसा आत्मघाती कदम उठाता। वह कुछ समय से तनाव में लग रहा था। वे लोग उसे चिकित्सक को दिखाने के संबंध में भी विचार कर रहे थे।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। संवाद
