बिहार:दूसरी शादी रचाई, पहली पत्नी पहुंच गई सामने! होटल ले जाने के बहाने निकला पति, रास्ते में खुल गई पोल – Muzaffarpur Bihar News : Young Had Began Secretly Arranging Second Marriage First Wife Suddenly Show Up
राजस्थान के जोधपुर में चार साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद शादी कर लिव-इन में रह रहे एक युवक की दूसरी शादी की तैयारी उस समय मुश्किल में पड़ गई, जब उसकी पहली पत्नी उसे खोजते हुए मुजफ्फरपुर पहुंच गई। यूपी की रहने वाली पहली पत्नी को दूसरी शादी की भनक लग गई थी। उसे देखते ही युवक घबरा गया और मामले को छिपाने की कोशिश करने लगा। वह होटल में ठहराने के बहाने महिला को अपने साथ ले गया, लेकिन रास्ते में उसकी गतिविधियों पर महिला को शक हो गया। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को नगर थाने ले आई। मामला नगर थाना क्षेत्र का है।
जोधपुर में ड्राईक्लीनिंग एजेंसी में सुपरवाइजर है युवक
जानकारी के अनुसार, युवक बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह कई वर्षों से राजस्थान के जोधपुर में रेलवे की बेडशीट और चादरों की धुलाई करने वाली एक निजी ड्राईक्लीनिंग एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रहा है। इसी दौरान उसकी मुलाकात बनारस की एक युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली और साथ रहने लगे। करीब चार साल से दोनों जोधपुर में रह रहे थे।
छठ पर घर आया तो बदल गया इरादा, 25 नवंबर को की दूसरी शादी
इसी बीच युवक छठ पूजा के लिए अपने घर बिहार आया। यहां उसने दूसरी शादी की तैयारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को उसने दूसरी शादी भी कर ली। इसकी जानकारी जोधपुर में रह रही पहली पत्नी को हो गई। इसके बाद वह युवक को तलाशते हुए मुजफ्फरपुर पहुंच गई। अचानक पहली पत्नी के सामने आने से युवक के होश उड़ गए।
होटल में ठहराने के बहाने ले गया, रास्ते में हुआ शक
शादी का माहौल होने के कारण युवक पहली पत्नी को स्टेशन रोड इलाके के एक होटल में ठहराने के बहाने अपने साथ ले गया। बाद में वह उसे रेलवे स्टेशन ले जाने लगा। इस दौरान युवक की गतिविधियों से महिला को शक हो गया। उसने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम दोनों को नगर थाने ले आई। कुछ देर बाद युवक के स्वजन भी थाने पहुंच गए।
बालिग होने पर बंधपत्र बनवाकर छोड़ा
थाने में पुलिस ने दोनों के बालिग होने की पुष्टि की। स्वजन की मौजूदगी में बंधपत्र बनवाने के बाद दोनों को मुक्त कर दिया गया। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा होती रही।
