रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:हाईवे पर निजी बस को रोडवेज जीएम ने कराया इंपाउंड – Roadways Gm Gets Private Bus Impounded On The Highway

November 27, 2026


– यात्रियों को नीचे उतारकर खाली कराई बस, बिना परमिट संचालन से रोडवेज को नुकसान और मनमाना किराया वसूलने की शिकायत

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। शहर की सड़कों और नेशनल हाईवे पर निजी बसों का नियमों के विरुद्ध संचालन जारी है। डीटीओ विभाग की कार्रवाई के दावों के बावजूद बल्लभगढ़ से अलीगढ़ और आगरा रूट पर निजी बसें सवारियां ढो रही हैं। इससे हरियाणा रोडवेज को आर्थिक नुकसान हो रहा है। यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें भी मिल रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह हरियाणा रोडवेज बल्लभगढ़ डिपो के जीएम जितेंद्र यादव ने नेशनल हाईवे पर फ्लाईओवर के पास अलीगढ़ रूट पर चलती एक निजी बस देखी। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। जीएम ने टीम को मौके पर बुलाकर बस रुकवाई। इसके बाद सभी यात्रियों को नीचे उतारकर बस को इंपाउंड कर डिपो के यार्ड में खड़ा करा दिया गया।

बल्लभगढ़ बस स्टैंड के सामने सुबह से ही दर्जनों निजी बसें खड़ी हो जाती हैं। इनमें अधिकतर उत्तर प्रदेश और दिल्ली नंबर की होती हैं। इनके चालक-परिचालक बस अड्डा पुलिस चौकी के आसपास आगरा और अलीगढ़ जाने वाले यात्रियों को बैठाते हैं। आरोप है कि त्योहारी सीजन में बसों की छत पर भी यात्रियों को बैठाया जाता है। यात्रियों को पहले किराये की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती और रास्ते में मनमाना किराया वसूला जाता है। निजी बसों के परमिट और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हादसे की स्थिति में मुआवजा मिलने की गारंटी स्पष्ट नहीं है। बिना वैध परमिट संचालन से सरकार को टैक्स का नुकसान हो रहा है। रोडवेज की बसें अड्डे के अंदर यात्रियों का इंतजार करती हैं, जबकि निजी बसें बाहर से ही सवारियां भरकर ले जाती हैं।

कोट-

निजी बसों के संचालन से हरियाणा और उत्तर प्रदेश रोडवेज को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। ऐसे वाहनों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई कर उन्हें इंपाउंड कराया जाता है। – जितेंद्र यादव, जीएम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X