दिल्ली रोड पर खरावड़ बाईपास स्थित मिलन होटल में बुधवार रात हुए चौहरे हत्याकांड में मारे गए झज्जर जिले के डीघल निवासी विनित (22), रिंकू (28) व यश उर्फ गज्जू (22) पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों अंकित उर्फ बाबा के छोटे भाई सन्नी रिटौलिया के दोस्त थे। यही दोस्ती हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग को खटक गई।
सोशल मीडिया पर भाऊ गैंग के नाम से डाली गई पोस्ट में लिखा है कि यह रोहित बजरंग व सोनू डीघल की मौत का बदला है। पुलिस ने अभी इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। एसपी गौरव राजपुरोहित का कहना है कि पोस्ट किसने व कहां से डाली, इसकी जांच कर रहे हैं।