Muzaffarnagar News:मदनी चौक हिंसा के मामले में उरूज मेहंदी को जमानत – Urooj Mehndi Granted Bail In Madni Chowk Violence Case
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2019 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के विरोध के दौरान मदनी चौक पर हुए बवाल के मामले में आरोपी उरूज मेहंदी को अदालत से राहत मिल गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-6 ने आरोपी की दूसरी जमानत अर्जी स्वीकार कर ली है।
मामला सिविल लाइन थाने में दर्ज कराया गया था। अभियोजन के अनुसार, 20 दिसंबर 2019 को मदनी चौक पर जुमे की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात थे। दोपहर करीब तीन बजे 107 नामजद आरोपियों और 2500 से 3000 अज्ञात लोगों की भीड़ ने जाम लगा दिया था। पुलिस के समझाने पर भीड़ उग्र हो गई और पथराव, फायरिंग, तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाएं हुईं।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस तथा आम लोगों के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आग लगा दी गई। घटनाक्रम शाम करीब 7:30 बजे तक चलता रहा। आरोपी बनाए गए मल्हूपुरा निवासी उरूज मेहंदी की ओर से अदालत में दलील दी गई कि उसे झूठा फंसाया गया है।
उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। अदालत ने पत्रावली का अवलोकन करने के बाद पाया कि आरोपी पूर्व में चार जनवरी 2020 को जमानत पर था। अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी हुए थे और 16 नवंबर से वह जेल में बंद है। आरोपी का जमानत प्रार्थनापत्र स्वीकृत कर लिया गया।
