रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:किण्वित जैविक खाद से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरता – Farrukhabad News

November 27, 2026


फर्रुखाबाद। खेतों की मिट्टी की सेहत सुधारने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को किण्वित जैविक खाद तैयार करने और उसके उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली की सीएसआर-मारुति परियोजना के तहत आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के 50 किसानों ने भाग लिया।

मृदा विज्ञान के वैज्ञानिक डॉ. जगदीश मिश्रा ने किसानों को मिट्टी के भौतिक, रासायनिक और जैविक स्वास्थ्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लाभकारी बैक्टीरिया और फफूंद की मदद से तैयार किण्वित जैविक खाद मिट्टी में जैविक पदार्थों और सूक्ष्मजीवों की सक्रियता बढ़ाती है। इससे मिट्टी की संरचना और उर्वरता में सुधार होता है। उन्होंने मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाने की सलाह दी।

प्रशिक्षण के तहत किसानों को सैनी फार्म हाउस का भ्रमण भी कराया गया। प्रवीण कुमार सैनी ने गोशाला में पशुपालन, संतुलित आहार और गोबर से जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया समझाई। किसानों ने पॉलीहाउस में तापमान व नमी नियंत्रण, सब्जी उत्पादन, सिंचाई और कीट-रोग प्रबंधन की तकनीकें भी देखीं।कार्यक्रम में डॉ. एसएस राठौर सहित कृषि एवं उद्यान विज्ञान के विशेषज्ञों ने सहयोग किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X