नई Mini Cooper SE लॉन्च, 402KM रेंज और 6.7 सेकंड में 100 की स्पीड, कीमत 53.9 लाख
Mini India ने भारत में नई जनरेशन Mini Cooper SE इलेक्ट्रिक हैचबैक को 53.9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है. ये सेकेंड जनरेशन मॉडल पूरी तरह इम्पोर्टेड (CBU) रूट से भारत आया है और इसकी डिलीवरी दिसंबर 2026 से शुरू होगी. स्टैंडर्ड मॉडल के साथ कंपनी ने 56.4 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में कॉस्मेटिक अपग्रेड वाला पॉल स्मिथ एडिशन (Paul Smith Edition) भी पेश किया है. टू-डोर वाली इस इलेक्ट्रिक हैचबैक का इंडियन मार्केट में कोई सीधा कंपटीटर नहीं है.
पुराने मॉडल के मुकाबले इसमें बड़ा 54.2 kWh बैटरी पैक दिया गया है, जिससे इसकी क्लेम्ड WLTP रेंज बढ़कर 402 किमी हो गई है. अर्बन प्रीमियम ईवी खरीदारों को ध्यान में रखते हुए लाई गई ये कार आइकॉनिक रेट्रो-मॉडर्न स्टाइलिंग, नए केबिन लेआउट और दमदार परफॉर्मेंस का मेल पेश करती है. आइए डिजाइन से लेकर इसकी परफॉरमेंस तक की डिटेल जानते हैं.
डिजाइन और इंटीरियर
अपडेटेड कूपर एसई अपने सिग्नेचर 2-डोर हैचबैक सिल्हूट को बरकरार रखती है, जिसमें राउंड LED हेडलाइट्स, कस्टमाइजेबल DRL सिग्नेचर, ऑक्टागोनल फ्रंट ग्रिल और ट्रायंगुलर LED टेल-लाइट्स मिलती हैं. ये ब्रिटिश रेसिंग ग्रीन, चिली रेड और ओशन वेव ग्रीन जैसे डुअल-टोन ऑप्शन और 17-इंच अलॉय व्हील्स के साथ आती है. केबिन का लेआउट मिनिमलिस्ट और मॉडर्न है, जहां सेंटर में 9.4 इंच का राउंड OLED टचस्क्रीन और फैब्रिक फिनिश वाला डैशबोर्ड दिया गया है.
फीचर्स और सेफ्टी
फीचर्स की लिस्ट में मिनी ऑपरेटिंग सिस्टम 9, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), पैनोरमिक ग्लास रूफ, हीटेड स्टीयरिंग व्हील, पावर्ड फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग और हरमन कार्डन साउंड सिस्टम शामिल हैं. सेफ्टी के लिए इसमें लेवल-2 ADAS, 6 एयरबैग, ABS, डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल, पार्किंग असिस्टेंट, रियर-व्यू कैमरा और लो-स्पीड पैडेस्ट्रेन ऑडिबल वार्निंग जैसे फीचर मिलते हैं.
पावरट्रेन और परफॉर्मेंस
कार में आगे के एक्सल पर लगी इलेक्ट्रिक मोटर 218 PS की पावर और 330 Nm का टॉर्क देती है, जो इसे 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में 6.7 सेकंड का समय दिलाती है. इसकी टॉप स्पीड 170 किमी/घंटा है. 54.2 kWh बैटरी पैक 402 किमी की WLTP रेंज देता है.
ये 11 kW AC चार्जर से 0 से 100% तक लगभग 5 घंटे 15 मिनट में और 95 kW DC फास्ट चार्जर से 10 से 80% तक करीब 30 मिनट में चार्ज हो जाती है. बैटरी पर 8 साल या 1,60,000 किमी और गाड़ी पर 2 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी मिलती है.
