खिलाड़ी बेमिसाल, मैदान बदहाल :खिलाड़ी बहा रहे पसीना, अव्यवस्था सपनों पर फेर रही पानी, भीम स्टेडियम में करीब 750 खिलाड़ी रोजाना करते हैं अभ्यास, फ्लड लाइट नहीं, शौचालय बदहाल – Players Are Sweating, Chaos Is Pouring Water On Their Dreams, Around 750 Players Practice Daily At Bheem Stadium, No Floodlights, Toilets In Bad Shape
भिवानी। मिनी क्यूबा के नाम से भिवानी को विश्वभर में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले भीम खेल स्टेडियम आज खुद अपने अस्तित्व और बुनियादी सुविधाओं की लड़ाई लड़ रहा है। जिस मैदान की मिट्टी से निकले मुक्केबाजों, पहलवानों और एथलीटों ने ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा लहराया वहां खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
मैदानों में सांझ ढलते ही अंधेरा छा जाता है। बिजली कनेक्शन, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं का भी अभाव है। महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा के इंतजाम भी सवालों के घेरे में हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा के बावजूद खिलाड़ियों को बजट जारी होने और काम शुरू होने का इंतजार है।
साढ़े सात सौ खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का टोटा
भीम स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह और शाम करीब साढ़े सात सौ खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। इनमें बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी शामिल हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सपना संजोए हैं। लेकिन सुविधाओं के अभाव में उनका अभ्यास प्रभावित हो रहा है। स्टेडियम में स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। कई जगह टोटियां गायब हैं और गंदगी फैली हुई है। अभ्यास के बाद खिलाड़ियों के नहाने और हाथ-मुंह धोने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हैरानी की बात है कि स्टेडियम के कई हिस्सों में स्थायी बिजली कनेक्शन तक नहीं है।
शाम होते ही मैदानों पर छा जाता है अंधेरा
स्टेडियम की सबसे बड़ी समस्याओं में प्रकाश व्यवस्था का अभाव भी शामिल है। फ्लड लाइट्स नहीं होने और कई उपकरण खराब पड़े होने से सूर्यास्त के बाद मैदानों में अभ्यास करना मुश्किल हो जाता है। खिलाड़ियों को शाम होने से पहले ही अभ्यास समेटना पड़ता है। सर्दियों में स्कूल और कॉलेज से लौटने वाले खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। अंधेरे में गड्ढों और उबड़-खाबड़ मैदान पर अभ्यास करने से चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है।
महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल
भीम स्टेडियम में अभ्यास करने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। भिवानी की बेटियां कुश्ती, मुक्केबाजी, एथलेटिक्स और हॉकी में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं लेकिन स्टेडियम में उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने की जरूरत है। शाम को अंधेरा होने से महिला खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में असुरक्षा की भावना रहती है। स्टेडियम की चहारदीवारी कई जगह टूटी हुई है। सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे तक नहीं है।
50 करोड़ की घोषणा, धरातल पर काम का इंतजार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 30 अक्तूबर को भीम स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की थी। इस बजट से आधुनिक इंडोर हॉल, सिंथेटिक ट्रैक, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। हालांकि, बजट जारी होने और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार बना हुआ है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि घोषणा जल्द धरातल पर उतरेगी और स्टेडियम को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
फोटो: 16
भिवानी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं देने की है। मुख्यमंत्री ने भीम स्टेडियम के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की है। इस पर समय रहते काम शुरू करवाया जाए तो खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। यहां के खिलाड़ियों ने विश्वभर में भिवानी को नई पहचान दिलाई है। बेहतर सुविधाएं मिलने से वे और अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे। – अभिषेक बंसल, सामाजिक कार्यकर्ता।
फोटो: 17
मैं लंबे समय से भीम खेल स्टेडियम में अभ्यास कर रहा हूं। यहां लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम साढ़े पांच बजे से पहले ही अभ्यास खत्म करना पड़ता है। इसके बाद चारों तरफ अंधेरा छा जाता है। खेल मैदानों की हालत भी ठीक नहीं है जिससे खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। – योगेश, खिलाड़ी।
फोटो: 15
भीम स्टेडियम में खेल सुविधाओं की भारी कमी है। यहां बिजली कनेक्शन तक नहीं है। देर शाम तक महिला खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पातीं क्योंकि उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। शाम होते ही स्टेडियम में सन्नाटा और अंधेरा छा जाता है। इससे यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों में डर बना रहता है। स्टेडियम की व्यवस्थाओं में सुधार की सख्त जरूरत है। – मोहित, खिलाड़ी।

भीम स्टेडियम का बदहाल मैदान पर अभ्यास करते खिलाड़ी।

भीम स्टेडियम का बदहाल मैदान पर अभ्यास करते खिलाड़ी।
