रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:दुष्कर्म और दस लाख की उगाही के आरोपी को तीसरी बार भी नहीं मिली जमानत – The Accused Was Denied Bail For The Third Time As Well

November 27, 2026


अदालत ने कहा- करीबी रिश्तेदारी के चलते बाहर आने पर गवाहों को प्रभावित करने और धमकाने की आशंका

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये व सोने के आभूषण लेने के आरोपी रोहित कुमार को अदालत से तीसरी बार भी राहत नहीं मिली। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने गवाहों को प्रभावित करने और धमकाने की आशंका को देखते हुए उसकी तीसरी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी।

पल्ला थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि छह जनवरी 2025 को आरोपी मिठाई का डिब्बा लेकर उनके घर आया था। उसके आग्रह पर लड्डू खाने के बाद उन्हें चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गईं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। होश आने पर उन्होंने आरोपी को वीडियो बनाते देखा। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उनका यौन शोषण किया गया और 10 लाख रुपये व सोने के आभूषण ले लिए गए। महिला ने आरोप लगाया था कि 31 मार्च को आरोपी ने उनकी दोनों बेटियों के मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर तीन लाख रुपये मांगे थे।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि पुलिस हिरासत के दौरान नशीला पदार्थ और अश्लील वीडियो बरामद नहीं हुआ। प्राथमिकी दर्ज कराने में 15 महीने की देरी हुई और मेडिकल व फोरेंसिक साक्ष्य भी नहीं हैं। इसके अलावा, उगाही के संदेशों में इस्तेमाल सिम आरोपी के नाम पर नहीं है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि जांच पूरी हो चुकी है, चालान पेश किया जा चुका है और आरोपी 11 मई 2026 से न्यायिक हिरासत में है। सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी और शिकायतकर्ता पक्ष के बीच करीबी रिश्तेदारी है। ऐसे में जमानत मिलने पर वह महत्वपूर्ण गवाहों को प्रभावित या धमका सकता है। अदालत ने इस आशंका और मामले की गंभीरता को देखते हुए तीसरी जमानत याचिका खारिज कर दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X