धौलपुर में सर्दियों की खास सौगात बाजरे की महेरी
Last Updated:
Dhaulpur Famous And Trending Food: धौलपुर के ग्रामीण इलाकों में सर्दियों में बाजरे और छाछ से बनने वाली पारंपरिक महेरी लोगों की खास पसंद है. इसे गर्म दूध और गुड़ के साथ खाया जाता है. ग्रामीण इलाकों में सर्दियों के दौरान सुबह के नाश्ते में महेरी खाने का पुराना चलन है. इसका खट्टा-मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पसंद आता है.
धौलपुर. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही धौलपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में घरों में देसी पकवान बनने लगते हैं. इन्हीं पारंपरिक पकवानों में महेरी भी शामिल है. बाजरे के आटे और छाछ से तैयार होने वाली महेरी गांवों में बुजुर्गों की खास पसंद है. सर्दियों में लोग इसे गर्म दूध और गुड़ के साथ खाना पसंद करते हैं. इसका खट्टा-मीठा स्वाद खाने में बेहद अच्छा लगता है. इसे बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और यह कम समय में घर पर ही तैयार हो जाती है.
गृहणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि महेरी गांव में रहने वाले बुजुर्गों का पसंदीदा देसी सुपर फूड है. सर्दियों के मौसम में बुजुर्ग सुबह नाश्ते में गर्म दूध और गुड़ के साथ महेरी खाते हैं. इसे खाने के बाद वे अपने रोजमर्रा के काम और खेती-किसानी के लिए खेतों पर चले जाते हैं. महेरी बच्चों को भी खूब पसंद आती है.
ऐसे तैयार होती है बाजरे और छाछ की महेरी
गृहणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि महेरी बनाने के लिए सबसे पहले बाजरे के आटे को छलनी से छान लें. इसके बाद एक भगोनी में छाछ डालें और उसमें स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह चला लें. अब गैस चालू करके भगोनी को मध्यम आंच पर रखें. छाछ को चमचे से लगातार चलाते रहें, ताकि वह फटे नहीं. जब छाछ हल्की गर्म हो जाए तो उसमें थोड़ा-थोड़ा करके बाजरे का आटा डालते रहें. आटा डालते समय चमचे से लगातार चलाना जरूरी है. अगर छाछ को चलाना बंद कर दिया तो वह फट सकती है और महेरी खराब हो सकती है. करीब 10 मिनट तक इसे लगातार चलाते रहें. जब इसमें उबाल आने लगे और बाजरे का आटा छाछ में अच्छी तरह मिल जाए तो महेरी तैयार हो जाती है.
गर्म दूध और गुड़ के साथ खाते हैं महेरी
महेरी तैयार होने के बाद इसे कटोरे में निकालकर थोड़ा ठंडा कर लें. इसके बाद इसमें गर्म दूध मिलाएं और साथ में गुड़ डालकर खाएं. ग्रामीण इलाकों में सर्दियों के दौरान सुबह के नाश्ते में महेरी खाने का पुराना चलन है. इसका खट्टा-मीठा स्वाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पसंद आता है. यही वजह है कि आज भी गांवों में सर्दियों के मौसम में यह पारंपरिक देसी महेरी लोगों की थाली का खास हिस्सा बनी हुई है.

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
और पढ़ें
