आशीष और मोहित ने भी कांस्य पदक पर जमाया कब्जा, तीनों खिलाड़ी पीएस स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच सुरेंद्र कुमार से ले रहे प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बुआना लाखू गांव के तीन उभरते मुक्केबाजों ने हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं। प्रतियोगिता में आर्यन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि आशीष और मोहित ने कांस्य पदक अपने नाम किए। तीनों खिलाड़ी पीएस स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
हरियाणा स्टेट की सातवीं सीनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 27 नवंबर तक उचाना में किया गया। इसमें प्रदेशभर के मुक्केबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बुआना लाखू के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर शानदार प्रदर्शन किया।
आर्यन ने 85 से 90 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, आशीष ने 75 से 80 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। मोहित ने 47 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
कई वर्षों की मेहनत लाई रंग
तीनों खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से पीएस स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। कोच सुरेंद्र कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत की थी। अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के चलते तीनों खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आर्यन का स्वर्ण और आशीष व मोहित के कांस्य पदक उनकी मेहनत का परिणाम हैं।
14