मुंह के आसपास कालेपन का कारण| Darkness around mouth| Tips to remove pigmentation around the mouth
सोशल मीडिया पर त्वचा से जुड़ी हर समस्या के लिए कोई न कोई घरेलू नुस्खा जरूर मिल जाता है. दावा किया जाता है कि घर में मौजूद चीजों से ही त्वचा की हर परेशानी दूर हो सकती है. लेकिन कई बार इन नुस्खों के चक्कर में लोग समस्या की असली वजह जानने में देरी कर देते हैं. जिससे परेशानी के साथ इलाज पर ज्यादा पैसे भी खर्च करने पड़ सकते हैं. ऐसी ही एक समस्या है मुंह के आसपास कालापन होना.
नई दिल्ली स्थित एलांटिस हेल्थकेयर की डर्मेटोलॉजिस्ट और एस्थेटिक फिजिशियन डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (MBBS, MD) के मुताबिक, मुंह के आसपास कालापन होने की एक बड़ी वजह हाइपरपिगमेंटेशन होती है. इसमें त्वचा के कुछ हिस्सों का रंग सामान्य से ज्यादा गहरा हो जाता है. ऐसा कई कारणों से हो सकता है. उदाहरण के लिए, बार-बार होंठों को रगड़ना, त्वचा को ज्यादा स्क्रब करना, वैक्सिंग करवाना, चेहरे के बाल उखाड़ना या तेज केमिकल वाले स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करना. इन वजहों से त्वचा में जलन और सूजन हो सकती है, जिसके बाद उस जगह का रंग गहरा पड़ने लगता है. ऐसे में सवाल है कि क्या सोशल मीडिया पर वायरल एलोवेरा, नारियल तेल, शहद और विटामिन ई का मिश्रण लगाने से ये कालापन दूर हो सकता है?
एलोवेरा, नारियल तेल, शहद और विटामिन ई का मिश्रण असरदार है?
एक्सपर्ट बताती हैं कि मुंह के आसपास कालापन दूर करने के लिए कई लोग एलोवेरा जेल, नारियल तेल, शहद और विटामिन ई कैप्सूल को मिलाकर लगाने की सलाह देते हैं. हालांकि इन सभी चीजों के अपने कुछ फायदे जरूर हैं. लेकिन इन चीजों को एक साथ मिलाकर लगाने से मुंह के आसपास का गहरा कालापन दूर होने की गारंटी नहीं है. ये चीजें त्वचा को नमी और आराम तो दे सकती हैं, लेकिन मेलेनिन के ज्यादा बनने की समस्या को ठीक नहीं करतीं. इसलिए इन्हें पिगमेंटेशन का पक्का इलाज समझना सही नहीं है.
घरेलू मास्क लगाने से बढ़ सकती है परेशानी
डॉ. चांदनी के अनुसार, हर घरेलू नुस्खा हर तरह की त्वचा के लिए फायदेमंद नहीं होता. उदाहरण के लिए, जिन लोगों की त्वचा पर एक्ने होते हैं, उनके लिए नारियल तेल नुकसानदायक होता है. ये त्वचा के पोर्स को बंद करता है और मुंहासों की समस्या बढ़ाता है. वहीं, विटामिन ई कैप्सूल का तेल सीधे त्वचा पर लगाने से कुछ लोगों को जलन या एलर्जी हो सकती है.
मुंह के आसपास का कालापन कैसे दूर करें?
रोजाना कम से कम SPF 30 वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन इस्तेमाल करें. इसे मुंह के आसपास भी अच्छी तरह लगाएं. साथ ही कोशिश करें कि तेज धूप में ज्यादा देर तक न रहें. बाहर निकलते समय चेहरे को ढककर रखें. साथ ही हल्के प्रोडक्ट इस्तेमाल करें. बिना खुशबू वाला मॉइस्चराइजर लगाएं. नियासिनमाइड, एजेलिक एसिड और विटामिन C जैसे तत्व पिगमेंटेशन कम करने और त्वचा के रंग को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
इन गलतियों से बचें
मुंह के आसपास का कालापन दूर करने के लिए बार-बार स्क्रब करना, तेज ब्लीचिंग क्रीम लगाना या एक साथ कई घरेलू नुस्खे आजमाना सही नहीं है. इससे त्वचा में जलन बढ़ सकती है और पिगमेंटेशन पहले से ज्यादा गहरा हो सकता है. खासतौर पर अगर इसके साथ खुजली, जलन या त्वचा पर पपड़ी निकलने जैसी परेशानी भी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें.
