रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमेठी

धर्मांतरण :फंडिंग के स्रोत और खर्च तक की पड़ताल में जुटी पुलिस – Religious Conversion: Police Investigating Sources Of Funding And Expenditures

November 28, 2026


अमेठी सिटी। सिंदुरवा धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस अब आर्थिक मदद के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने के लिए धनराशि कहां से जुटाई जाती थी और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में होता था, इसकी जांच की जा रही है। मुंबई के एक चर्च ट्रस्ट से आर्थिक मदद मिलने की जानकारी के बाद पुलिस फंडिंग के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़ी कड़ियां जोड़ रही है।

पूछताछ में आरोपियों की ओर से नकद फंडिंग लेने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में आयकर विभाग को जानकारी दी गई है। पुलिस पता लगा रही है कि आर्थिक मदद के नाम पर जुटाई गई रकम किन लोगों के माध्यम से परिवारों तक पहुंचाई जाती थी। संबंधित लोगों के संपर्कों और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इलाज, पढ़ाई और शादी में मदद का देते थे भरोसा

पूछताछ में सामने आया कि जरूरतमंद परिवारों को रुपये देने के साथ इलाज, बच्चों की पढ़ाई और शादी में मदद का भरोसा दिया जाता था। पुलिस यह पता लगा रही है कि किन परिवारों को वास्तव में आर्थिक सहायता मिली और कितनों को सिर्फ आश्वासन दिया गया। सहायता के प्रस्ताव के पीछे कौन लोग थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस वीडियो फुटेज से जोड़ रही कड़ियां

सिंदुरवा रोड स्थित मकान में प्रार्थना सभा की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई थी। अब उपलब्ध वीडियो फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। इनके साथ पूछताछ में सामने आए बयानों का मिलान कर सभाओं में होने वाली गतिविधियों और उनमें शामिल लोगों की भूमिका समझने का प्रयास किया जा रहा है।

एसपी सरवणन टी ने बताया कि प्रकरण में फंडिंग के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। कुछ अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X