रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:जालसाजों ने आठ लोगों से 17.65 लाख रुपये ठगे – Fraudsters Swindled Rs 17.65 Lakh From Eight People

November 28, 2026


पेट दर्द की दवा , गैस कनेक्शन और ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर दिया वारदात को अंजाम

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। पेट दर्द की देसी दवा बेचने से लेकर गैस कनेक्शन दिलाने, ट्रांसपोर्ट बुकिंग और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने आठ लोगों से 17,65,869 रुपये ठग लिए हैं। ठगों ने कहीं मोबाइल में एप और एपीके फाइल डाउनलोड कराकर खाते खाली किए तो कहीं बैंक अधिकारी और गैस कंपनी का कर्मचारी बनकर क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली। एक मामले में पीड़ित के खाते से बिना किसी कॉल और संदेश के ही रुपये निकल गए।

बल्लभगढ़ निवासी एक कंपनी कर्मचारी ने फेसबुक पर पेट दर्द की देसी दवा का विज्ञापन देखकर 999 और 900 रुपये में दवा ऑर्डर की थी। इसके बाद आरोपियों ने रिफंड, जीएसटी, आयकर और खाता सत्यापन के नाम पर करीब 58 ट्रांजेक्शन करवाकर उनसे 6.45 लाख रुपये ठग लिए हैं। वहीं, सेक्टर-62 निवासी व्यक्ति को गैस कनेक्शन और एग्रीमेंट बनवाने का झांसा देकर 1.69 लाख रुपये ठग लिए थे। आरोपी ने उनसे 19 अक्तूबर को संपर्क किया था और अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाई थी। सेक्टर-77 निवासी एक महिला को गैस कनेक्शन के बारे में व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर संपर्क किया गया। गैस कंपनी का अधिकारी बनकर बातचीत करने के करीब एक घंटे बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 3,57,640 रुपये निकाल लिए गए। इसी तरह सेक्टर-28 निवासी 64 वर्षीय महिला को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और मुफ्त एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा देने का झांसा देकर 1,44,710 रुपये ठग लिए हैं। 23 नवंबर को आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर वीडियो कॉल की और क्रेडिट कार्ड दिखाने के साथ लिंक पर क्लिक करवाया था।

गांव खंदावली निवासी कारोबारी को रायपुर से जम्मू माल भेजने के लिए ऑनलाइन ट्रांसपोर्ट बुकिंग कराना महंगा पड़ गया। आरोपियों ने गाड़ी भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये ले लिए हैं। बाद में ड्राइवर ने तेल के लिए रुपये मांगे तो बुकिंग कराने वाले का फोन बंद मिला। कारोबारी को माल जम्मू पहुंचाने के लिए ड्राइवर को अलग से 75 हजार रुपये देने पड़े। दूसरी ओर, मोबाइल पर आई एपीके फाइल खोलने के बाद दिलीप कॉलोनी निवासी व्यक्ति के दो बैंक खातों से 1,02,520 रुपये निकल गए।

बल्लभगढ़ निवासी एक कपड़ा दुकान के सेल्समैन ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर शॉर्ट टीवी एप डाउनलोड किया तो मोबाइल का नियंत्रण उनके हाथ से निकल गया। 18 और 20 नवंबर को उनके खाते से कुल 1.52 लाख रुपये निकाल लिए गए। तिलपत निवासी महिला के खाते से 15 नवंबर को 5 ट्रांजेक्शन में 1,44,999 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। उन्हें इसकी जानकारी 23 नवंबर को बैंक बैलेंस चेक करने पर मिली। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इन सभी मामलों में संबंधित साइबर थानों में 25 से 26 नवंबर के बीच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X