Bhiwani News:बच्चों के निवाले की जांच…टीम ने जताई के राजकीय उच्च विद्यालय में परखी मिड-डे मील की गुणवत्ता – Checking The Children’s Meals… The Team Expressed Their View On The Quality Of The Midday Meal At The Government High School
मुंढाल। बच्चों को स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक भोजन मिल रहा है या नहीं इसकी पड़ताल के लिए शुक्रवार को शिक्षा विभाग की टीम गांव जताई के राजकीय उच्च विद्यालय पहुंची। औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल की सफाई व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता जांच के दायरे में रही। बच्चों के भोजन में इस्तेमाल होने वाले गेहूं की गुणवत्ता भी अधिकारियों ने परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गिलास में गेहूं लेकर उसकी स्थिति का जायजा लिया। टीम ने भोजन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
सरकारी स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित माहौल और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। मिड-डे मील में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सीधे बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी है। स्कूल परिसर की स्वच्छता भी महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
जिला उपायुक्त के निर्देश पर गठित हुई टास्क फोर्स : जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार जिंदल ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टास्क फोर्स गठित की गई है। यह टीम सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रही है। इसका उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और ढांचागत सुविधाओं का जायजा लेना है। निरीक्षण के दौरान जरूरी सुधार करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
