Panchkula News:डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान – The Health Department Has Launched An Awareness Campaign For The Prevention Of Dengue
हर रविवार ड्राई डे मनाने और जमा पानी हटाने की अपील
कालका। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को सब डिविजनल अस्पताल कालका के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में दौरा कर लोगों को डेंगू और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजीव नरवाल की अध्यक्षता में चलाया गया।
टीम ने कुरारी मोहल्ला, फ्रेंड्स कॉलोनी, ब्रॉडगेज, शक्तिनगर और आजाद कॉलोनी में डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) के कार्यों की जांच की। इस दौरान हेल्थ इंस्पेक्टर जसवीर सिंह, इंसेक्ट कलेक्टर दीपक कुमार, वीरेंद्र कुमार, राहुल और सौरभ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से सप्ताह में एक बार घरों में जमा पानी की जांच और सफाई करने की अपील की। साथ ही हर रविवार को ड्राई डे मनाने, पानी की टंकियों, गमलों और फ्रिज की ट्रे को साफ व सूखा रखने की सलाह दी।
टीम ने पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी और जाली का इस्तेमाल करने तथा घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। डेंगू के लक्षण दिखने पर सब डिविजनल अस्पताल कालका में जांच करवाने और चिकित्सकीय सलाह लेने की हिदायत भी दी।
