Mau News:सहालग में दालों के दाम 20 और तेल के 30 रुपये तक बढ़े – During The Wedding Season, Prices Of Pulses Have Risen By Up To 20 Rupees And Edible Oils By Up To 30 Rupees
मऊ। त्योहारों, शादी और मांगलिक आयोजनों की तैयारियों के बीच दालों की बढ़ती कीमतों ने रसोई की गणित बिगाड़ दिया है। मेहमानों की आवभगत से लेकर नियमित भोजन तक में इस्तेमाल होने वाली दलहन और तेल अब लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है।
बीते एक महीने में अरहर, चना, उड़द और मूंग की दालें 20 रुपये, सरसों, रिफाइंड, तिल और मूंगफली की तेल के दामों में 30 रुपये तक बढ़ोतरी हुई है।
सहालग में मांग बढ़ने के बीच थोक बाजार में कीमतें चढ़ने का असर खुदरा दुकानों तक पहुंच गया है। इससे शादी समारोहों के खानपान का बजट बढ़ने के साथ ही मध्यमवर्गीय परिवारों की घरेलू रसोई पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
पिपरीडीह बाजार के किराना कारोबारी जोखन मौर्या, आशीष गुप्ता, व्यापारी सुनील जायसवाल, चंद्रशेखर बरनवाल ने बताया कि एक महीने पहले 130 रुपये किलो बिकने वाली अरहर की दाल अब 150 रुपये पहुंच गई है।
चने की दाल के दाम भी 90 से बढ़कर 100 रुपये और मूंग की दाल 110 से बढ़कर 130 रुपये किलो बिक रही है।
वहीं सरसों का तेल 200 से बढ़कर 230 रुपये, रिफाइंड 140 से 160, तिल का तेल 190 से 220 और मूंगफली का तेल 200 से 230 रुपये हो गया है। काबुली चना 90 रुपये से बढ़कर 120 रुपये, सूखी मटर 60 से 70 रुपये किलो हो गई है।
कारोबारियों ने बताया कि गाजीपुर, मऊ और आसपास के जिलों में मध्य प्रदेश प्रांत के कटनी जिले से दालें आती हैं।
इस समय आवक कम होने से दाम बढ़े हैं। दालों की महंगाई का असर शादी-विवाह के आयोजनों के साथ सामान्य परिवारों की थाली पर भी पड़ रहा है।
सहालग में सामूहिक भोज और मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था करने वालों को अब पहले के मुकाबले अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
