हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी स्कूल में 15 साल से अधिक समय से सेवाएं दे रहे एसएमसी शिक्षक को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केवल इस आधार पर किसी शिक्षक को सीमित सीधी भर्ती (एलडीआर) में शामिल होने से नहीं रोका जा सकता कि उसकी नियुक्ति वर्ष 2012 की एसएमसी नीति के तहत नहीं हुई थी। अदालत ने कहा कि जब सरकार ने इतने वर्षों तक शिक्षक की सेवाएं ली हैं और वह सरकारी स्कूल में स्वीकृत पद पर पढ़ा रहा है तो उसकी सेवाओं को इस आधार पर नजरअंदाज करना उचित नहीं है। न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जसवाल की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया। मामले के अनुसार याचिकाकर्ता रमेश चंद को 19 दिसंबर 2011 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडाल, तहसील नेरवा, जिला शिमला में एसएमसी अथवा पीटीए के माध्यम से टीजीटी आर्ट्स के पद पर नियुक्त किया गया था।