रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मौसम का हाल:छह दिन तक 10 राज्यों में बारिश के आसार, बर्फबारी बढ़ाएगी ठिठुरन; दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा – Weather Update: Rain Expected In 10 States Over The Next Six Days
दिल्ली एनसीआर

मौसम का हाल:छह दिन तक 10 राज्यों में बारिश के आसार, बर्फबारी बढ़ाएगी ठिठुरन; दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा – Weather Update: Rain Expected In 10 States Over The Next Six Days

November 29, 2026


मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के दौरान 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश का अनुमान लगाया है। हिमाचल प्रदेश में दिसंबर की शुरुआत के साथ मौसम बदलने की संभावना है। राज्य में 3 और 4 दिसंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

इस बीच, शनिवार को देश के कई मैदानी इलाके शिमला और नैनीताल जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों से भी अधिक ठंडे रहे। राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम पारा 3.3 डिग्री तक लुढ़क गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान रहा। सीकर में पारा 5 डिग्री और मध्य प्रदेश के दमोह में 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 8 तो नैनीताल में 9 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से 3 और 4 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी व बारिश होगी। इससे मैदानी इलाकों में सर्दी का तेज दौर शुरू हो सकता है। न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा। वहीं, 29 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश की संभावना है। 

घाटी के अधिकांश इलाकों में पारा शून्य के नीचे

कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप है। घाटी के अधिकांश इलाकों में शनिवार को भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारे के साथ पूरे कश्मीर संभाग में सबसे ठंडा स्थान रहा। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी रात का पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे लुढ़ककर माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। श्रीनगर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।

एक दिसंबर से बंद होंगे चूड़धार मंदिर के कपाट

उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में भारी हिमपात और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत 1 दिसंबर से चूड़धार मंदिर के कपाट आगामी आदेशों तक बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर की ओर श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। समुद्र तल से करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित चूड़धार में सर्दियों के दौरान भारी हिमपात होता है। बर्फबारी के कारण यहां के रास्ते बर्फ से ढक जाते हैं और बेहद फिसलन भरे होने के साथ जोखिमपूर्ण भी हो जाते हैं। 

इसलिए पहाड़ से ठंडे मैदान

राजस्थान व मध्य प्रदेश के मैदानों में दिन में धूप निकलने के बाद रात होते ही धरती की गर्मी तेजी से निकल जाती है, जिससे सतह का तापमान तेजी से गिरता है। मध्यम ऊंचाई वाले पर्वतीय शहरों में रात के समय ठंडी और भारी हवा ढलानों से उतरकर घाटियों की ओर चली जाती है, जिससे चोटियों का तापमान मैदानों की तुलना में थोड़ा ऊपर बना रहता है।

उत्तर-पूर्वी भारत में छाया कोहरा

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहा। हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया, जिससे झीलें और जलस्रोत जमने लगे हैं। पंजाब के अमृतसर और ओडिशा के राउरकेला में शनिवार को दृश्यता 50 मीटर रही।

दिल्ली में सुबह रहेगा कोहरा

राजधानी में सुबह की शुरुआत छिछले से मध्यम कोहरे के साथ हो सकती है। लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप अपनी अठखेलियां शुरू कर देगा, इससे मौसम सुहावना नजर आएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार यानी 29 नवंबर को दिल्ली का आसमान खास तौर से साफ रहेगा। सुबह ज्यादातर इलाकों में हल्का कुहासा छाने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है। दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी।

अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और पालम में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

2 दिसंबर से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, रविवार को दिल्ली के मौसम पर इसका असर पड़ने की संभावना नहीं है। फिलहाल राजधानी में आसमान साफ रहने और दिन में धूप खिलने का अनुमान है।

सुबह सफर करने वालों को सावधानी की जरूरत

सुबह कोहरे के कारण कुछ इलाकों में दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में सुबह के समय सड़क पर निकलने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X