Mahoba News:टोकन हाथ में लेकर भटकते रहे किसान, दूसरे दिन भी नहीं मिली डीएपी – Farmers Wandered Around Holding Their Tokens; They Failed To Get Dap Even On The Second Day
श्रीनगर (महोबा)। खेतों में बोआई का समय निकलता जा रहा है। किसान डीएपी खाद के लिए समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। किसी को सुबह चार बजे लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिली तो कोई दो दिन से टोकन लेकर वितरण का इंतजार कर रहा है। मंगलवार को पत्थरबाजी और हंगामे के बाद साधन सहकारी समिति श्रीनगर में बुधवार को भी खाद का वितरण नहीं हुआ।
मंगलवार को खाद वितरण के दौरान हंगामे के बाद बुधवार को किसान सचिव से फोन पर संपर्क कर वितरण की जानकारी लेने का प्रयास करते रहे लेकिन उनका मोबाइल बंद होने के कारण कोई सूचना नहीं मिल सकी। घंटों इंतजार के बाद किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए।
उधर, साधन सहकारी संघ में नायब तहसीलदार कुमार गौरव की मौजूदगी में 500 बोरी डीएपी का वितरण शुरू कराया गया। इसके लिए करीब 130 किसानों को टोकन दिए गए लेकिन जमीन के रकबे के आधार पर खाद बांटे जाने से दो घंटे के भीतर ही पूरा स्टॉक समाप्त हो गया। करीब 60 नंबर टोकन तक के किसानों को ही खाद मिल सकी।
रामप्रताप, दिनेश, दीपक, प्रमोद आदि किसानों का कहना है कि रोजाना समितियों के चक्कर लगाने में समय और रुपये दोनों खर्च हो रहे हैं। इसके बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। नायब तहसीलदार ने बताया कि सहकारी संघ के सचिव द्वारा खेतों के रकबे के आधार पर खाद वितरित की गई, जिससे सभी टोकनधारक किसानों को खाद नहीं मिल सकी। जल्द ही अतिरिक्त डीएपी मंगाकर दोबारा वितरण कराया जाएगा।
भंडरा गांव के किसान श्रीचरण ने बताया कि दो दिन पहले समिति से उन्हें 198 नंबर टोकन दिया गया था। इसके बाद से वह लगातार खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं लेकिन हर बार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है।
किसान रमेश चंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह चार बजे से लाइन में लगने के बाद उन्हें 142 नंबर टोकन मिला था लेकिन खाद नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि पलेवा के बाद खेतों की नमी लगातार कम हो रही है। समय पर डीएपी नहीं मिली तो बोआई पिछड़ जाएगी।
जिले में 580 एमटी डीएपी उपलब्ध, तीन दिन में आएगी एक और रैक
महोबा। जिले में खाद की किल्लत के बीच सहकारिता विभाग ने पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध होने का दावा किया है। सहायक निबंधक सहकारिता अंसल कुमार ने बताया कि 25 नवंबर तक जिले में 9,085 मीट्रिक टन यूरिया, 580 मीट्रिक टन डीएपी व 798 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। अब तक 3,927 मीट्रिक टन डीएपी बांटी जा चुकी है जबकि पिछले वर्ष 3,085 मीट्रिक टन वितरण हुआ था। वहीं, 1,424 मीट्रिक टन यूरिया भी बांटी जा चुकी है। तीन दिन में इफको की रैक से 1,055 मीट्रिक टन डीएपी व 252 मीट्रिक टन एनपीके आने की संभावना है। विभाग ने किसानों से जरूरत के अनुसार खाद लेने और अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है।
