Bhiwani News:न्यूनतम वेतन 42 हजार और पेंशन 21 हजार रुपये करने की मांग – Demand To Set The Minimum Wage At 42,000 Rupees And The Pension At 21,000 Rupees
भिवानी। न्यूनतम वेतन 42 हजार और न्यूनतम पेंशन 21 हजार रुपये करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मजदूर और परियोजना कर्मी एक दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे। सीटू के आह्वान पर एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली में मार्च और महापड़ाव आयोजित किया जाएगा।
मांगों में परियोजना कर्मियों, ग्रामीण चौकीदारों, सफाई कर्मचारियों और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना भी शामिल है। मार्च और महापड़ाव की तैयारियों के लिए सीटू भिवानी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जिले में चलाए गए तीन दिवसीय जत्था अभियान का शनिवार को समापन हुआ। सीटू जिला सचिव कामरेड अनिल कुमार ने बताया कि शनिवार को बामला, नवा और देवसर में जनसंपर्क कर मजदूरों और परियोजना कर्मियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।
जत्थे ने किया आंदोलन में शामिल होने का आह्वान
जत्थे को सीटू के राज्य कोषाध्यक्ष सुखबीर सिंह, जिला सचिव अनिल कुमार, जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह, सुशीला सरोहा, कोषाध्यक्ष सदीक डाडम, कमेटी सदस्य सुरेश सरल और महाबीर चांग ने संबोधित किया। दादरी सीटू के जिला सहसंयोजक सुमेर धारणी और निर्माण मजदूर नेता मनोहर आलमपुर ने भी अपने विचार रखे।
