Auraiya News:वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा, एक्यूआई 205 पर पहुंचा – Air Pollution Levels Have Risen; The Aqi Has Reached 205
अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। पिछले दिनों उतार-चढ़ाव के बाद शनिवार को एक्यूआई 205 पर पहुंच गया। अचानक बढ़े प्रदूषण के स्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हवा की गुणवत्ता खराब होने से बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतनी होगी।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. राम पलट सिंह के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ गया है। दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण मौसम लगातार बदल रहा है।
पिछले दिनों प्रदूषण के स्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार को एक्यूआई 95 पर पहुंचने से लोगों को राहत मिली थी। मंगलवार को यह बढ़कर 147 हो गया। बुधवार को मामूली गिरावट के साथ एक्यूआई 132 दर्ज किया गया। गुरुवार को यह फिर बढ़कर 151 पहुंच गया था। अब शनिवार को एक्यूआई 205 दर्ज होने से हवा की गुणवत्ता काफी गिर गई है।
वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ लोगों को सुबह और शाम अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचना चाहिए। धूल और धुएं से दूरी बनाने की जरूरत है। जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहना होगा। बदलते मौसम के साथ प्रदूषण से बचाव जरूरी हो गया है। प्रशासन और विशेषज्ञ लगातार लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।
