रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार में तेज रफ्तार का कहर:श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को पिकअप ने मारी टक्कर, महिला की मौत; मासूम समेत दो घायल – Saharsa Bharatmala Highway Accident Woman Killed Two Injured Auto Pickup Collision
कोसी

बिहार में तेज रफ्तार का कहर:श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को पिकअप ने मारी टक्कर, महिला की मौत; मासूम समेत दो घायल – Saharsa Bharatmala Highway Accident Woman Killed Two Injured Auto Pickup Collision

November 29, 2026


बिहार के सहरसा जिले में भारतमाला फोरलेन पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके चार साल के बेटे समेत दो लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु महिषी स्थित संत बाबा कारू खिरहर स्थान पर दूध चढ़ाकर घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के परिहारा वार्ड नंबर 16 निवासी बबलू राय की 35 वर्षीय पत्नी विभा देवी के रूप में हुई है। घायलों में उनका 28 वर्षीय भांजा नवीन कुमार रॉय और चार साल का बेटा प्रियांशु कुमार शामिल हैं।

बाबा कारू खिरहर स्थान पर दूध चढ़ाने आए थे श्रद्धालु

सदर अस्पताल में इलाजरत नवीन कुमार रॉय ने बताया कि वह अपनी मामी विभा देवी और उनके बेटे प्रियांशु के साथ शुक्रवार शाम महिषी स्थित संत बाबा कारू खिरहर स्थान पर दूध चढ़ाने आए थे। रात हो जाने के कारण सभी वहीं रुक गए। शनिवार सुबह वहां मौजूद सात से आठ लोगों ने घर लौटने के लिए ऑटो किया।

सभी ऑटो में सवार होकर सहरसा जंक्शन जा रहे थे। वहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर बेगूसराय लौटना था। इसी दौरान महिषी थाना क्षेत्र से गुजरने वाले भारतमाला फोरलेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार विभा देवी, नवीन और प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही विभा देवी ने दम तोड़ दिया। घायल युवक और बच्चे का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिषी थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार पिकअप चालक की तलाश कर रही है।

भारतमाला सड़क पर लगातार हो रहे हादसे, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

महिषी और बनगांव क्षेत्र से गुजरने वाला भारतमाला हाईवे कॉरिडोर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। यह मार्ग बकौर-महिषी हाईवे परियोजना और एनएच-327ई एक्सटेंशन से जुड़ा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2026 में सहरसा में एनएच-327ई पर आवागमन शुरू होने के महज 190 दिनों के भीतर 187 सड़क दुर्घटनाओं और 39 लोगों की मौत का मुद्दा सामने आया था।

इसको लेकर पूर्व सांसद आनंद मोहन और पूर्व विधायक गुंजेश्वर साह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी दीपेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने और अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराने की मांग की थी। नवंबर में पंचगछिया में हुई बैठक में भी सहरसा-सुपौल भारतमाला सड़क पर पिछले कुछ महीनों में 139 दुर्घटनाएं होने की बात सामने आई थी।

हाल के महीनों में इन हादसों में गई लोगों की जान



  • अक्तूबर 2026: बनगांव-महिषी भारतमाला सड़क पर भारती चौक के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रहे 58 वर्षीय पशुपालक शंकर पासवान की मौत हो गई थी।


  • सितंबर 2026: घेमरा नदी के पूरब सड़क हादसे में फील्ड से कार्यालय लौट रहे बाइक सवार लोनकर्मी युवक की जान चली गई थी।


  • अगस्त 2026: महिषी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 40 वर्षीय बौआ साह की मौत हो गई थी।

अधूरी सर्विस लेन और सुरक्षित क्रॉसिंग की कमी पर चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस हाई-स्पीड सड़क पर सर्विस लेन का अधूरा निर्माण, सुरक्षित क्रॉसिंग की कमी, जलजमाव और बाजारों के पास फ्लैंक पर अतिक्रमण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं।

मधेपुरा के सांसद दिनेशचंद्र यादव ने भी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर घनी आबादी वाले इलाकों में फुट ओवरब्रिज और सुरक्षित क्रॉसिंग बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, पर्याप्त संकेतक लगाने और सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक इस मार्ग पर हादसों को रोकना मुश्किल रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X