Saharanpur News:परिसीमन हुआ तो बदलेगा विधानसभा और लोकसभा सीटों का सियासी नक्शा – If Delimitation Takes Place, The Political Map Of Assembly And Lok Sabha Constituencies Will Change
सहारनपुर। केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन कराने पर तेजी से कवायद चल रही है। बिल पास हुआ तो जिले में विधानसभा सीटों से लेकर लोकसभा सीटों का गणित और संख्या बदल जाएगी। जिले में विधानसभा सीटों की संख्या सात से बढ़कर दस या 11 हो सकती है। वहीं लोकसभा सीटें भी एक से बढ़कर दो हो जाएंगी।
आजादी के बाद से देशभर में तीन बार परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी हुई है। अंतिम परिसीमन 2002 में हुआ था, लेकिन उस समय सीटों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई थी। सहारनपुर जिला भौगोलिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। सहारनपुर जिले में कभी हरिद्वार तक का क्षेत्र आता था। 1977 में हरिद्वार लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। उस दौरान हरिद्वार लोकसभा सीट में जिले की नागल और देवबंद तहसील आती थीं, जबकि सहारनपुर लोकसभा सीट में पांच सीट मुजफ्फराबाद, नकुड़, सरसावा, हरौड़ा और सहारनपुर थीं। इसके बाद दोनों सीटें सहारनपुर लोकसभा का हिस्सा बन गईं। अब जब एक बार फिर से सीटों का परिसीमन होगा तो विधानसभा से लेकर लोकसभा सीटों का गणित और भूगोल बदलेगा। हालांकि अंतिम फैसला आबादी, भौगोलिक स्थिति और निर्वाचन सीमाओं के आधार पर होगा। फिलहाल यह निर्धारित नहीं है कि किस विधानसभा और लोकसभा सीट में कौन-कौन से क्षेत्र आएंगे।
इतना जरूर है यदि केंद्र सरकार का प्रस्ताव अमलीजामा पहनता है तो विधानसभा से लेकर लोकसभा सीटों का गणित बदलेगा। राजनीतिक दलों को चुनावी वैतरणी पार करने के लिए नए सियासी समीकरण तैयार करने होंगे। वर्तमान में बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, देहात, रामपुर मनिहारान और गंगोह सीटें हैं। इनमें दो सीटें गंगोह और नकुड़ कैराना लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। परिसीमन के बाद दोनों सीट सहारनपुर की नई लोकसभा सीट का हिस्सा बन सकती हैं।
– नए परिसीमन पर हुआ था 2012 का विधानसभा चुनाव
प्रदेश में 2007-08 में परिसीमन कराया गया था। इसके बाद हुए 2012 के विधानसभा नए परिसीमन के तहत हुए। परिसीमन में जिले की विधानसभा सीटों पर समीकरण पूरी तरह से बदल गए थे। मुजफ्फराबाद, हरौड़ा, नागल और सरसावा सीट इतिहास बन गई थी। इन सीटों के क्षेत्रों को बांटकर नए विधानसभा क्षेत्र बनाए गए। मुजफ्फराबाद सीट बेहट हो गई। इसी तरह सरसावा और नकुड़ के कुछ क्षेत्रों को काटकर गंगोह तो नागल सीट रामपुर मनिहारान हो गई। कुछ हिस्सा सहारनपुर देहात सीट में चला गया।
