रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Banda News:खंभे पर जंपर काटने चढ़े संविदा लाइनमैन की करंट से मौत, हंगामा – Contractual Lineman Dies From Electric Shock While Climbing A Pole To Disconnect A Jumper; Uproar Ensues
बांदा

Banda News:खंभे पर जंपर काटने चढ़े संविदा लाइनमैन की करंट से मौत, हंगामा – Contractual Lineman Dies From Electric Shock While Climbing A Pole To Disconnect A Jumper; Uproar Ensues

November 29, 2026


अतर्रा/बदौसा। बदौसा उपकेंद्र में शनिवार रात आपूर्ति का जंपर काटने के लिए खंभे पर चढ़े संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद कराकर हंगामा किया। परिजन का आरोप है कि लाइनमैन को सिर्फ दस्ताने पहनाकर चढ़ा दिया गया। पूरी किट भी नहीं दी गई थी।

पिता ने अवर अभियंता (जेई) और सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का दावा है कि बिना शटडाउन लिए ही पुत्र को खंभे पर चढ़ा दिया गया। विद्युत निगम के अफसर ने गलती स्वीकराते हुए कहा कि लाइनमैन को फतेहगंज फीडर पर चढ़ना था, लेकिन वह त्रुटिवश बदौसा फीडर चढ़ गया। ऐसे में परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है।

बदौसा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रामकिशोर वर्मा ने बताया कि पुत्र दिलीप वर्मा (40) उपखंड कार्यालय अतर्रा के बदौसा उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। शनिवार रात करीब नौ बजे वह घर पर था। इसी दौरान जेई विजय बहादुर कुशवाहा ने उसके मोबाइल पर कॉल कर जंपर काटने के लिए उपकेंद्र बुलाया।

आरोप है कि दिलीप उपकेंद्र पहुंचा तो वहां मौजूद एसएसओ संतोष कुमार मिश्रा ने रात करीब 10 बजे उसे बिना शटडाउन लिए 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के खंभे पर चढ़ा दिया। तभी करंट की चपेट में आने पर वह गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मी उसे गंभीर हालत में अतर्रा सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टर ने देर रात उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया। पिता रामकिशोर वर्मा ने बदौसा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जेई विजय बहादुर कुशवाहा और एसएसओ संतोष कुमार मिश्रा की लापरवाही से उनके पुत्र को बिना शटडाउन लिए चालू लाइन के खंभे पर चढ़ाया गया। इसी वजह से उसकी जान चली गई।

उधर हादसे से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद कराकर हंगामा किया। बाद में बदौसा थानाध्यक्ष आनंद साहू ने बताया कि जेई और एसएसओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।

संविदा की नौकरी से चलता था परिवार का खर्च

अतर्रा/बदौसा। बदौसा निवासी दिलीप के छोटे भाई चंद्रशेखर ने बताया कि दिलीप पिछले 15 साल से विद्युत निगम में संविदा पर कार्यरत था। उसके दो पुत्र अखिलेश (15) और छोटू (13) तथा दो पुत्रियां ममता (17) और पूनम (20) हैं। पूनम की शादी हो चुकी है। चार भाइयों में सबसे बड़ा दिलीप ही था। संविदा लाइनमैन की नौकरी से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। (संवाद)

संविदाकर्मी फतेहगंज फीडर का शटडाउन लेकर त्रुटिवश बदौसा फीडर में कार्य करने के लिए खंभे पर चढ़ गया था। इसी दौरान करंट की चपेट में उसकी मौत हो गई। निगम की ओर से लाइनमैन के परिवार के एक सदस्य को नौकरी और साढ़े सात से 10 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी। सभी कर्मचारी भी आपसी सहयोग करेंगे।

– विमलेश कुमार, एसडीओ अतर्रा।

चार माह पहले भी अतर्रा में करंट से हुई थी लाइनमैन की मौत

अतर्रा। बदौसा थाना क्षेत्र के अंश बगीचा पुरवा निवासी सरदार खां आउटसोर्सिंग पर कुशल लाइनमैन के पद पर कस्बे में कार्यरत था। बीते 29 जुलाई को वह कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीजी कॉलेज के पास लाइन में फाल्ट होने की सूचना पर सहयोगी कर्मी उमाशंकर के साथ पहुंचा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन ठीक करते समय वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सहयोगी कर्मी उसे निजी वाहन से सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सरदार खां को मृत घोषित कर दिया था। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद विद्युत कर्मियों के परिजन ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया था।

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

फोटो 18- मृतक दिलीप वर्मा। फाइल फोटो

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X