Ambala News:गुरुद्वारा गया परिवार घर से डेढ़ लाख की नकदी व गहने चोरी – Cash And Jewellery Worth Rs 1.5 Lakh Stolen From Family’s House At Gurudwara
शहजादपुर। थाना क्षेत्र के छोटा गढ़ गांव में एक मकान से सोने-चांदी के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी जसपाल सिंह अकबरपुर स्थित पैरामाउंट कॉन्वेंट स्कूल में चालक हैं। मंगलवार को गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर वह सुबह करीब 11 बजे परिवार के साथ बड़ागढ़ स्थित गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने गए थे। मकान और बाहरी चारदीवारी के गेट पर ताला लगा था। दोपहर करीब एक बजे लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला गायब मिला और अंदर कमरों व स्टोर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने तुरंत डायल 112 और पड़ोसी पुष्पिंदर सिंह को सूचना दी। जांच में सामने आया कि चोर गली की ओर से चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और दो जोड़ी सोने के कड़े, दो चेन, चार अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स, चार जोड़ी चांदी की पाजेब व डेढ़ लाख रुपये ले उड़े। पुलिस ने चोरी की धारा 305 व सेंधमारी की धारा 331(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की धरपकड़ हो सके। संवाद
